August 24, 2026

DevBhoomi: मानसून सीजन के दौरान उत्तराखंड में औसत से कम हुई बारिश

0
Devbhoomi
  • कई जिलों में भारी कमी

देवभूमि उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है। एक जून 2026 से दो अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कुल 590.3 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य 624.2 मिमी के मुकाबले 5.4 प्रतिशत कम रही है।

रिपोर्ट के अनुसार बागेश्वर जिले में सर्वाधिक 134 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 1018.5 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा चमोली में 53 प्रतिशत और टिहरी गढ़वाल में 31 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

वहीं अल्मोड़ा और हरिद्वार में वर्षा लगभग सामान्य स्तर पर रही। दूसरी ओर कई जिलों में वर्षा में कमी दर्ज की गई है। पौड़ी गढ़वाल में सबसे अधिक 48 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि नैनीताल में 37 प्रतिशत और चंपावत में 36 प्रतिशत कम वर्षा हुई। देहरादून में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा का असंतुलन साफ दिखाई दे रहा है, जिससे जल संसाधनों, कृषि और जनजीवन पर प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

कल भी पहाड़ों पर भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सोमवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन अगस्त को देहरादून समेत रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जन की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो आठ अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।

रविवार के मौसम की बात करें तो पर्वतीय इलाकों में रुक-रुक कर तेज दौर की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने से गर्मी का अहसास हुआ। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून में सुबह साढ़े आठ से शाम पांच बजे तक 0.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री के इजाफे के साथ 24.2 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश भर के अन्य इलाकों में भी रहा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *