March 9, 2026

Uttarakhand: दून, हरिद्वार, मसूरी-टिहरी के बीच होगा निजी बसों का संचालन

0
Rahul private bus
  • यात्रियों की समस्या होगी खत्म, प्रस्ताव तैयार

अब देवभूमि के राष्ट्रीय राजमार्गों पर देहरादून संभाग में दून हरिद्वार, मसूरी व टिहरी समेत सभी पहाड़ी क्षेत्रों के बीच निजी बसों का संचालन हो सकेगा। ज्ञात हो कि अभी तक राष्ट्रीय राजमार्ग अधिसूचित मार्गों की सूची में थे। जिसके कारण मुख्य मार्गों पर निजी बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था। ऐसे में अन्य वैकल्पिक मार्गों का निजी बसों को संचालन के लिए प्रयोग करना पड़ता था।

16 अक्तूबर को प्रस्ताव पर मुहर संभव

यात्रियों को ऐसे में समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब तैयार हुए प्रस्ताव के अनुसार निजी बसों का राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालन हो सकेगा। दरअसल माना जा रहा है कि परिवहन कमिश्नर की अध्यक्षता में 16 अक्तूबर को होने वाली संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग जाएगी।

अब तक दून से ऋषिकेश, मसूरी जाना हो या हरिद्वार से टिहरी, निजी बसों को मुख्य मार्गों पर चलने की अभी अनुमति नहीं थी। लेकिन, अब दून संभाग के राष्ट्रीय राजमार्गों को अधिसूचित राजमार्गों की सूची से बाहर किया गया है। इस कारण देहरादून समेत आसपास के कई जिलों के मध्य प्राइवेट बसें मेन रूट से जाएंगी। जिससे प्राईवेट बसों को वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग नहीं करना पड़ेगा और यात्रियों को समस्या भी नहीं होगी।

आरटीओ प्रशासन सुनील शर्मा के अनुसार नेशनल हाईवे पर 15 बस सेवाओं को अनुमति देने की तैयारी है। इससे मुख्यत: पांच रूटों को लाभ मिलेगा। मैदानी क्षेत्रों में हरिद्वार, ऋषिकेश से देहरादून के मध्य निजी बसों का संचालन मुख्य मार्गों से नहीं हो पा रहा था। दून से हरिद्वार जाने वाली बस चीला नहर की पटरी से होकर गुजरती थी।

मेन रूट पर चलेंगी निजी बसें

दून से ऋषिकेश के लिए जाने वाली बस जौलीग्रांट के बजाय थानो होकर वैकल्पिक मार्ग से जाती थी। बता दें कि दून से ऋषिकेश जाने के लिए थानों ही एक वैकल्पिक मार्ग है, जिससे होकर बसों का संचालन हो रहा था। देहरादून से मंसूरी के लिए निजी बसों को चलने की अनुमति नहीं थी। जिसके चलते शटल सेवा का संचालन भी नहीं हो पा रहा था। अब यह सभी बसें अनुमति मिलते ही मुख्य मार्गों से जा सकेंगी। हरिद्वार को भी इस व्यवस्था से काफी लाभ मिलेगा।

भगवानपुर से झबरेड़ा मंगलौर के लिए भी बसों का संचालन नेशनल हाईवे पर हो सकेगा। इसी तरह मंगलौर से लखनौता के बीच का ब्लाकेज भी खुलेगा। हरिद्वार से लक्ष्मण झूला के लिए भी सीधे बस जा सकेगी। इसके साथ ही हरिद्वार से नरेंद्र नगर, टिहरी, घनसाली के लिए भी निजी बसों को मेन रूट पर चलाया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *