Pant Nagar University: देर रात एक और छात्र फंदे से झूला
– Pant Nagar University: छात्रावास में देर रात हंगामे के बाद स्थिति तनावपूर्ण
-
सोमवार को एक छात्र की फंदे से झूलकर मौत के बाद देर रात एक अन्य छात्र भी फंदे से झूला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

पंतनगर। परिसर के छात्रावास में सोमवार को बीटेक छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। छात्र इससे उबरे भी नहीं कि देर रात अन्य छात्रावास में बीटेक फाइनल का छात्र फंदे से झूल गया। जिसके बाद विश्वेसरैया भवन में छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे डीन टेक्नोलाॅजी और चीफ वार्डन डाॅ. एसएस गुप्ता के समझाने पर छात्र अपने कमरों में तो चले गए, लेकिन परिसर में अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पंतनगर विवि: छात्रावास में फंदे से लटका मिला बीटेक का छात्र
जीबी पंत कृषि विवि के रजत जयंती छात्रावास में सोमवार को बीटेक तृतीय वर्षीय छात्र अक्षत सैनी ने फंदे से झूलकर मौत को गले लगा लिया था। छात्र इस सदमें से उबरे भी नहीं थे कि देर रात लगभग 10.30 बजे विश्वेसरैया भवन में इलेक्ट्रिकल फाइनल का छात्र फंदे से झूल गया। जो अभी भी गंभीर हालत में रूद्रपुर के निजी अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रहा है। दूसरे छात्र के आत्महत्या के प्रयास की जानकारी मिलते ही विश्वेसरैया भवन के छात्र असहज हो गए। रात करीब 12 छात्रों ने छात्रावास परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही चीफ वार्डन सहित विवि प्रशासन का पूरा अमला मौके पर पहुंचा और छात्रों से बातचीत की। लगातार दो दुःखद घटनाओं से परिसर में तनाव और छात्र-छात्राओं के बीच दहशत व दुख का माहौल है। फिलहाल विवि प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं और छात्रों से लगातार संवाद कर रहे है।
बैक परीक्षा के दबाव में था छात्र
साथी छात्रों के अनुसार आत्महत्या का प्रयास करने वाला छात्र बैक परीक्षा के दबाव में था। वह छह-सात विषयों में फेल था। जिसको लेकर वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा है। हालांकि छात्रों ने बताया कि वह पहले कभी डिप्रेशन में नहीं रहा। छात्र ने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा। सोमवार रात आठ बजे उसने मेस में खाना खाया और खाने के दौरान दोस्तों से हंसी-मजाक भी की। रात 10 बजे उसने अपने किच्छा निवासी पिता से भी बात की थी।
हर ब्रांच दो सदस्यीय छात्र समिति बनाने का आश्वासन
छात्रों की मांग पर चीफ वार्डन और डीन डाॅ. गुप्ता ने इंजीनियरिंग की प्रत्येक ब्रांच से दो सदस्यीय छात्र समिति गठित कराने का आश्वासन दिया है। जिसमें प्राध्यापक भी होंगे और प्रशासन से संवाद करेंगे। साथ ही अधिकारियों ने छात्रों को निष्पक्ष जांच कराने सहित आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है।
विवि में साइकोलाॅजिस्ट की नियुक्ति में लगा
सहायक अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ. राजीव रंजन ने कहा कि छात्रों का अवसाद में आत्महत्या करना दुर्भाग्यपूर्ण है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण की ओर से विवि में साइकोलाॅजिस्ट की नियुक्ति के लिए कुलपति, राजभन और शासन से पत्राचार किया जा रहा है। ताकि छात्रावासों में रह रहे छात्रों की समय-समय पर काउंसिलिंग कराई जा सके। उम्मीद है जल्द विवि में साइकोलाॅजिस्ट की नियुक्ति हो जाएगी।
