March 8, 2026

हल्द्वानी में बाघ ने जंगल गई महिला को बनाया निवाला: घर से 2 KM दूर मिला शव

0
Bagh Attack on woman

 – वापस नहीं लौटी तो खोजने निकला परिवार, 15 दिन में दूसरी घटना

.

नैनीताल जिले के फतेहपुर रेंज स्थित पनियाली गांव में बाघ के हमले से 53 वर्षीय विधवा कमला फर्त्याल की मौत हो गई। महिला सुबह घास लेने जंगल गई थी, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग जंगल जाने से डर रहे हैं।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती बाघ की गतिविधियों पर चिंता जताई है।

घर में अकेली रहती थी: गाय के लिए घास लेने गई थी
परिवार के अनुसार कमला फर्त्याल सुबह करीब 9 बजे पशुओं के लिए घास काटने जंगल गई थीं। वह घर में अकेली रहती थीं। उनकी एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। महिला ने एक गाय पाल रखी थी और उसी के लिए चारा लेने जंगल गई थीं।

शव: क्षत-विक्षत हालत में मिला 
जब वह देर तक वापस नहीं लौटीं तो परिजन खोजने जंगल पहुंचे। दोपहर में घर से लगभग दो किलोमीटर दूर उसका शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि बाघ शरीर का बड़ा हिस्सा खा चुका था।

डंडों पर बांधकर शव गांव लाए ग्रामीण : ग्रामीणों ने किसी तरह शव को डंडों पर बांधकर चादर से लपेटा और जंगल से गांव तक लेकर आए। शव घर पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

15 दिन में दूसरी घटना से फूटा गुस्सा : क्षेत्र में 15 दिन के भीतर यह दूसरी मौत है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों ने अधिकारियों के सामने ही नारेबाजी शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने वन विभाग चौकी और कटघरिया चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “न्याय दो” के नारे लगाए और आदमखोर बाघ को मारने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास करती रही।

एसडीएम हल्द्वानी प्रमोद कुमार ने बताया कि शाम करीब 4:30–5 बजे महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। बाद में जंगल से उसका शव बरामद हुआ, जिसे जंगली जानवर द्वारा हमला कर मारने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी पास के क्षेत्र में ऐसी घटना हुई थी, जिससे लोगों में आक्रोश है। प्रशासन लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, कैमरे लगाने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रिपोर्ट तैयार कर बाघ को मॉनिटर घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

सास-बहू समेत तीन पर किया था हमला: फतेहपुर रेंज के पीपल पोखरा क्षेत्र में 15 दिन पहले 12 फरवरी को भी बाघ ने घास लेने गई महिलाओं पर हमला कर दिया था। 65 वर्षीय गंगा देवी तीन महिलाओं के साथ जंगल गई थीं, तभी घात लगाए बाघ ने हमला बोल दिया। साथी महिलाओं के शोर मचाने के बावजूद बाघ गंगा देवी को जंगल के अंदर घसीट ले गया। सूचना पर ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 3 किलोमीटर अंदर से महिला का शव बरामद किया गया।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *