March 9, 2026

Uttarakhand Samachar: दरऊ में रंजिश ने ली युवक की जान, गांव में फैली दहशत

0
Gunfire Rocks in kichha

उधम सिंह नगर जनपद में किच्छा के ग्राम दरऊ में सोमवार सुबह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते 19 वर्षीय अलीम खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र पीएसी की एक पलाटून तैनात कर दी है।

30 से 35 राउंड से अधिक फायरिंग, घर के बाहर मचा उत्पात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अलीम के घर के बाहर करीब 30 से 35 राउंड फायर किए। अलीम को उसके घर के गेट पर सीने में गोली मारी गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा विवाद
अकरम खान और रेहान खान के बीच लंबे समय से पारिवारिक और राजनीतिक मतभेद चल रहे थे। अकरम पक्ष भाजपा से जुड़ा है, जबकि रेहान कांग्रेस समर्थक हैं। सोमवार सुबह गांव के बाजार में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मोबाइल छीनने और तोड़फोड़ के आरोप
मृतक की बहन ने बताया कि हमलावरों की संख्या 10 से 15 थी। घटना के समय अलीम और घर की महिलाएं वीडियो बना रही थीं, जिन्हें हमलावरों ने छीन लिया। भाजपा नेता साजिद खान की खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की गई। वहीं, दूसरे पक्ष का राहत खान भी गोली लगने से घायल हुआ है।

बाजार बंद, गांव में सन्नाटा
घटना के बाद दरऊ का बाजार पूरी तरह बंद हो गया। लोग अपनी दुकानें छोड़कर भाग गए और घटनास्थल पर सन्नाटा पसर गया। मृतक के घर में मातम का माहौल है, जबकि घटना के समय उसके पिता अकबर खान बहेड़ी में थे।

पुरानी झड़पों की कड़ी
13 अगस्त को भी दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। 15 अगस्त को रेहान खान ने अलीम समेत अन्य के खिलाफ फायरिंग और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कराया था। सोमवार की घटना उसी रंजिश का भयावह परिणाम साबित हुई।

दोनाें पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और चुनाव के समय हुई बहस के बाद मनमुटाव चल रहा था। 15 अगस्त को मामले में एक पक्ष के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। युवक की हत्या के बाद पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
– मणिकांत मिश्रा, एसएसपी

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *