March 8, 2026

Nainital News: गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट 30 मई से राजभवन में शुरू होगा

0
Golf at nainital

20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट 30 मई से 1 जून, 2025 तक नैनीताल मेंआयोजित किया जाएगा। देशभर के विभिन्न राज्यों से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 177 गोल्फर द्वारा पंजीकरण किया गया है। यह बातें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेनि ने गुरुवार को राजभवन नैनीताल में आयोजित गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट के कर्टेन रेजर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष टूर्नामेंट में एशियाई खेलों के (गोल्फ) स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अमित लूथरा और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जफर इकबाल भी भाग ले रहे हैं, जिससे टूर्नामेंट के उत्साह में और अधिक वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि, इस बार गोल्फ टूर्नामेंट की खासियत यह रहेगी कि इस प्रतियोगिता में 6 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष तक के सुपर वेटरन तक हिस्सा बनेंगे। प्रतियोगिता में सुपर वेटरन कैटेगरी 75 वर्ष से अधिक आयु के 06, वेटरन (65 से 75) आयु वर्ग के 32, सामान्य वर्ग के 95, महिला वर्ग के 11 खिलाड़ी, जूनियर गोल्फर्स 33, जिसमें 19 बालक और 14 बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे।

टूर्नामेंट के संबंध में राज्यपाल ने कहा कि इसका उद्देश्य नैनीताल में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही महिलाओं, युवाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है। कारण राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य देशभर के गोल्फ खिलाड़ियों को आकर्षित करता है। और टूर्नामेंट में भाग लेने के साथ ही खिलाड़ी उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों का भी प्रचार-प्रसार करते हैं। उन्होंने बताया कि एक अनूठी पहल के तहत गोल्फ कोर्स के 18 होल्स के नाम प्रसिद्ध हिमालयी पर्वत श्रृंखलाओं एवं नदियों के नामों पर रखे गए हैं, जो न केवल खिलाड़ियों को एक सांस्कृतिक अनुभव देगा, बल्कि उत्तराखण्ड की विरासत को भी उजागर करेगा।

राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ के माध्यम से स्कूली बच्चों को खेलों से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। हाल ही में इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बेटियों सहित कई स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही यह भी कहा कि “उत्तराखण्ड की पुण्य भूमि, जो देवभूमि के रूप में जानी जाती है, अब ‘खेलभूमि’ बनने की दिशा में भी अग्रसर है।” हाल ही में उत्तराखण्ड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

वहीं राजभवन गोल्फ क्लब के कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट ने जानकारी दी कि यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 177 गोल्फर विभिन्न श्रेणियों में भाग लेंगे जिनमें सुपर वेटरन, वेटरन, सामान्य, महिला तथा जूनियर कैटेगरी शामिल हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 मई को प्रातः 8ः30 बजे राज्यपाल द्वारा टी-ऑफ के साथ किया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *