June 11, 2026

Uttarakhand crime: गर्भवती पत्नी के लिंग परीक्षण में आई बेटी होने की जानकारी, तो पार कर दीं क्रूरता की सारी हदें

0
Uttarakhand crime
  • करंट लगाने के अलावा गर्भवती को बेरहमी से पीटा भी, गर्भस्थ शिशु की मौत

देहरादून के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के जस्सोवाला गांव में गर्भवती पत्नी को करंट लगाने और बेरहमी से पीटने के चलते गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पीड़िता के परिजनों ने सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि आरोपी पति बबलू गर्भवती पत्नी को हरियाणा के पानीपत ले गया, जहां उसने अवैध रूप से गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराया।

गर्भ में बालिका होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने पत्नी और गर्भस्थ शिशु को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसे अमानवीय यातनाएं दीं। आरोपी बबलू साल 2019 में प्रेम विवाह के बाद से ही अपनी पत्नी सीमा के साथ मारपीट करता था। पीड़िता के पिता बालूवाला निवासी शेर सिंह के अनुसार परिवार को बाद में पता चला कि आरोपी पहले से दो शादियां कर चुका है। उसकी एक पत्नी पानीपत में उसकी मां के साथ रहती है। सीमा की दो बेटियां होने के बाद तीसरी बार गर्भ ठहरने पर आरोपी लगातार उस पर गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण कराने का दबाव बना रहा था।

परिजनों के अनुसार आरोपी वाहन हरियाणा से लेकर आया व अपने साथ सीमा को पानीपत ले गया। गर्भस्थ शिशु की वहां किसी अल्ट्रासाउंड सेंटर में अल्ट्रासाउंड जांच कराई गई। आरोप है कि बेटी के गर्भ में होने की जानकारी के बाद उसे मारने की आरोपी ने योजना बनाई। पानीपत से वापसी के बाद वाहन उसने घर पर छोड़ दिया और बाइक से वापस जस्सोवाला पहुंचा।

तीसरी बेटी: जन्म लेने से पहले ही खत्म
शेर सिंह का आरोप है कि उनकी बेटी को आरोपी ने पानी की टंकी में बैठाकर करंट लगाया और बुरी तरह फट्टों से पीटा। उसे लगातार दो दिनों तक प्रताड़ित किया। काम के लिए आरोपी को दिया गया मजदूर वहां से किसी तरह भाग निकला और परिवार को उसी ने घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने सीमा को आरोपी के चंगुल से बचाया।

पीड़िता की दादी कुसुम के अनुसार बेटा पाने की चाह में आरोपी ने तीसरी बेटी को जन्म लेने से पहले ही खत्म कर दिया। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा मिकी मांग की है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार गंभीर धाराओं में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

पानीपत में जांच के बाद बढ़ गई प्रताड़ना
पानीपत में लिंग परीक्षण के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदलने का आरोप परिजनों ने लगाया है। उसने सीमा के गर्भ में बालिका होने की जानकारी मिलने के बाद उसे लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। परिजनों का दावा है कि उसी समय से आरोपी उसे रास्ते से हटाने का मन बना चुका था।

आरोपी हिस्ट्रीशीटर!: परिवार ने मांगी सुरक्षा
आरोपी को पीड़िता के पिता शेर सिंह ने शातिर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर बताया और कहा कि वह पहले भी जेल जा चुका है। उनका आरोप है कि उनके घर के आसपास आरोपी के कुछ साथी रात में मंडरा रहे हैं, जिससे उनका परिवार दहशत में है। पुलिस से परिजनों ने सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *