Uttarakhand Weather: मई में दिसंबर-जनवरी जैसी सर्दी का अहसास
felling-cold-in-may-as-December
-
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के चलते तापमान में गिरावट आई है। मई महीने में ही लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास होने लगा है। लगातार बारिश से मसूरी मॉल रोड समेत प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं जलभराव और फिसलन के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो गया है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में ठंड अचानक बढ़ गई है और मौसम में दिसंबर-जनवरी जैसी सर्दी का अहसास होने लगा है।बुधवार को शहर में बारिश के चलते मॉल रोड सहित प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। पर्यटक जहां अपने होटलों में ही कैद बनकर रह गए । वहीं स्थानीय लोगों को भी दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मौसम के इस बदले मिजाज ने अप्रैल-मई के महीने में सर्दियों की याद दिला दी है। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और फिसलन की स्थिति भी बनी हुई है। शहर में बारिश के साथ ही घना कोहरा भी छाया रहा । शहर में अधिकतम तापमान गिरकर 14 डिग्री तक लूढ़क गया है ।
मई में दिसंबर जैसी ठंड: पिंडर घाटी में फसलों को भारी नुकसान
चमोली के पिंडर घाटी में मई माह में भी दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार को थराली सहित पूरे पिंडर घाटी में मौसम का मिजाज बदला। सुबह से बादलों की लुकाछिपी के बाद दोपहर में आंधी और बौछारें गिरीं।
इससे तापमान में गिरावट आई और ठंड का अहसास बढ़ गया। वही आदिबदरी में अप्रैल के तीसरे सप्ताह से लगातार आंधी-तूफान और बारिश हो रही है। इस कारण मई में भी लोगों को स्वेटर और जैकेट पहनने पड़ रहे हैं। कर्णप्रयाग में बुधवार को दोपहर तक धूप खिली रही। जबकि दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादल छाए।
