चयनित अग्निवीरो से मिलकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले “भारतीय सेना में आपका स्वागत है”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने भारत माता की जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। रक्षामंत्री ने सभी अग्निवीरों से कहा कि भारत मां की रक्षा के लिए आ रहे आप सभी का भारतीय सेना में स्वागत है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतीक स्वरूप चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाया और मां भारती की रक्षा के लिए जाने के लिए शुभकामनाएं दी।ये चयनित अग्निवीर , यूथ फाउंडेशन में अभ्यास करके सेना में जा रहे हैं।
युवाओं को भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण

यहां यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि इस बार उनके 752 कैंडिडेट्स में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है। उन्होंने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के मोटिवेशन से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देता है। इसमें लिखित एवं शारीरिक परीक्षाओं का अभ्यास कराता है और अभी तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बल,पुलिस आदि में राष्ट्र सेवा के लिए भेजा जा चुका है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल कोठियाल के राष्ट्र सेवा के इस कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई। बताते चलें कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता और सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित रह चुके है और केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण के लिए उनकी सेवाओं को सराहा जाता है।
raksha mantri rajnath singh meets agniveers welcomes them indian army
