‘नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहित उत्तराखंड की नई पहचान’
– सीएम धामी बोले, वैज्ञानिक विधि से खेती को और अधिक उत्पादक व लाभकारी बनाएं किसान
– पंतनगर में आयोजित रजत जयंती राज्य स्थापना गोष्ठी व संवाद कार्यक्रम

पंतनगर मेले में जहां रविवार को सीएम धामी ने नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहित को उत्तराखंड की नई पहचान बताया। वहीं उन्होंने किसान मेले में आयोजित रजत जयंती राज्य स्थापना गोष्ठी व संवाद कार्यक्रम में कहा कि मेले में प्रदर्शित आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से किसान पारंपरिक तरीकों से वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर खेती को और अधिक उत्पादक, टिकाऊ और लाभकारी बना पाएंगे। ताकि न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि प्रदेश की कृषि व्यवस्था भी सशक्त और समृद्ध बनेगी।
सीएम धामी ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के अन्नदाताओं के बीच उपस्थित होने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। किसान मेले जैसे आयोजन मात्र कृषि उत्पादों और यंत्रों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं होते, बल्कि किसानों, वैज्ञानिकों और उद्यमियों के बीच ज्ञान, अनुभव और नवाचार के आदान-प्रदान का माध्यम भी होते हैं। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज देश विकसित राष्ट्र का संकल्प साकार करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
आज देश में 11 करोड़ किसानों को सम्मान निधि दी जा रही है। उत्तराखंड के भी नौ लाख अन्नदाताओं को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये मिल रहे है। सभी प्रमुख फसलों पर एमएसपी में वृद्धि की गई है। फसल बीमा योजना से किसान को आपदाओं, रोग और कीटों से नुकसान के लिए सुरक्षा कवच भी प्रदान किया जा रहा है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड से मिट्टी की जांच कर खेत में पोषक तत्वों की कमी और उर्वरकों की जानकारी भी दी जा रही है। जिससे उपज और भूमि उर्वरता में सुधार हो रहा है,। साथ ही किसान मानधन, मिलेट, बागवानी विकास, कृषि यंत्र सब्सिडी, बूंदबूंद सिंचाई व डिजिटल कृषि जैसी अनेक योजनाओं द्वारा किसानों को लाभ पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
एक ओर जहां किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट तीन से बढाकर पांच लाख रुपये किया गया है, वहीं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के साथ सिंचाई और कृषि तकनीकों के विकास पर भी फोकस किया गया है। पीएम मोदी ने अन्नदाताओं को 24 हजार करोड़ रुपये की ’पीएम धनधान्य कृषि योजना’ और दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार 500 करोड़ रुपये की ’दलहन उत्पादकता मिशन’ का शुभारंभ किया है।
उत्तराखंड के लिए शुरू कीं कई योजनाएं
पंतनगर। सीएम धामी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी प्रदेश के किसानों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। एक ओर जहां किसानों को तीन लाख रूपए तक का ऋण बिना ब्याज के उपलब्ध करा रहे हैं, वहीं कृषि उपकरण खरीदने के लिए फार्म मशीनरी बैंक योजना से 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी भी दे रहे हैं। किसानों के हित में नहरों से सिंचाई पूरी तरह मुफ्त कर दी गई है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रूपए का प्रावधान भी किया है। जिसके तहत राज्य में 350 पॉलीहाउस स्थापित हो चुके हैं। इतना ही नहीं एक ओर जहां गेहूं खरीद पर किसानों को 20 रूपए प्रति क्विंटल बोनस दे रहे हैं, वहीं गन्ने के रेट में भी 20 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है।
सीएम ने कहा कि समाज में कुछ समुदायों के लिए अलग-अलग कानूनों के कारण भेदभाव, असमानता और अन्याय की स्थिति बनी हुई थी। यूसीसी का उद्देश्य इन्हीं भेदभावों को समाप्त कर एक समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इससे न केवल सभी नागरिकों को समान अधिकार मिले हैं, प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को भी बल मिला है। यह देश का दुर्भाग्य रहा कि स्वतंत्रता के बाद कई दशकों तक देश में ऐसी पार्टी का शासन रहा, जिसने अपने वोट बैंक के लिए यूसीसी को लागू नहीं होने दिया। जबकि विश्व के प्रमुख मुस्लिम देशों सहित सभी सभ्य देशों में पहले से ही यूसीसी लागू है। कहा कि उनकी सरकार उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के प्रति भी संकल्पबद्ध होकर काम कर रही है। जिसके तहत प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को लागू किया है, वहीं लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी घृणित मानसिकताओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है। प्रदेश में लैंड जिहाद पर कड़ी कार्यवाही करते हुए करीब नौ हजार एकड़ सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। साथ ही 250 अवैध मदरसों को सील और 500 अवैध संरचनाओ को भी हटाया है। उनकी सरकार ने नया कानून लागू कर मदरसा बोर्ड को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। पहली जुलाई 2026 के बाद उत्तराखंड में केवल वही मदरसे संचालित हो पाएंगे, जिनमें सरकारी बोर्ड का निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा।
धामी ने कहा कि उनकी सरकार सनातन संस्कृति बदनाम करने वाले पाखंडियों पर ऑपरेशन कालनेमि के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध भी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पहली बार, आईएएस और पीसीएस स्तर के अधिकारियों सहित तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्यवाही की है।
प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ौतरी
पंतनगर। कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने यूसीसी व नकल विरोधी कानून के लिए सीएम का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विवि शोध व प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। कहा कि सीएम के मार्गदर्शन में प्रदेश में इंटिग्रेटेड फार्मिंग पर कार्य किया जा रहा है। बताया कि आज प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2 लाख 61 हजार हो गई है, जो 26 प्रतिशत ग्रोथ रेट पर है। उन्होंने बताया मेले में 507 स्टॉल लगाए गए हैं और अब तक लगभग 20 हजार किसानों ने भाग लिया है।
बच्ची को गोद में उठाया
पंतनगर। सीएम धामी ने मेला भ्रमण के दौरान मेला देखने आई एक बच्ची को गोद में उठा लिया और उससे पूछा कि यहां क्या करने आई हो। बच्ची ने उन्हें बताया कि मेला देखने आए हैं। इस दौरान धामी महिला स्वयं सहायता समूह के स्टाॅल पर हाथ से बने सुंदर उत्पाद और केवीके के स्टाॅल पर उपलब्ध रंग गिरंगे ड्रैगन फ्रूट और शिमला मिर्च देखकर बहुत प्रभावित हुए।
ये भी बोले धामी
सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय राज्य में नकल माफियाओं द्वारा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा था। उनकी सरकार ने वर्ष-2023 में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। जिसके चलते पिछले चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। हाल ही में नकल का मामला उनके सामने आया, जिसमें परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद प्रश्नपत्र के तीन पेज सोशल मीडिया पर वायरल हुए। जानकारी मिलते ही आरोपियों को गिरफ्तार किया और जांच के लिए एसआईटी का गठन किया। परंतु कांग्रेस इस मामले की आड़ में युवाओं को ढाल बनाकर राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश करने लगी और प्रदेश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री सीण्म धामी 13 अक्टूबर को नैनीताल भ्रमण पर….

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार 13 अक्टूबर 2025 को नैनीताल जनपद के भ्रमण पर पंहुच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम धामी 13 अक्टूबर को दोहपर 2:55 बजे जीटीसी हेलीपैड देहरादून से हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर दोपहर 3:45 बजे गौलापार हेलीपैड काठगोदाम नैनीताल पहुंचेंगे। यहां से प्रस्थान कर दोपहर 4:00बजे सूर्यादेवी बैंक्वेट हॉल खेड़ा चौराहा गौलापार नैनीताल में आयोजित आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प की थीम पर सोशल मीडिया प्रभारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विचार गोष्ठी में भाग लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री काठगोदाम गौलापार स्थित सर्किट हाउस पंहुचेंगे। यहां अल्प विश्राम के पश्चात सीएम शाम 7:15 बजे कार से एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी जाएंगे। जहॉ वह कुमाऊं द्वार महोत्सव-2025 में भाग लेंगे। फिर 8:30 बजे सर्किट हाउस को जाएंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस काठगोदाम में करेंगे।
