October 29, 2026

Uttarakhand: केदारनाथ धाम में बर्फबारी से बदला नजारा, सफेद चादर में लिपटी बाबा केदार की नगरी

0
kedarnath-Main 01
  • ठंड के बीच भक्तों में उत्साह कायम- खिले चेहरे

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड)। विश्व प्रसिद्ध व एकमात्र जाग्रत महादेव के धाम केदारनाथ में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फीली वादियों में तब्दील नजर आ रहा है। बर्फबारी से जहां बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं तापमान में गिरावट के चलते उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से धाम में अलाव की व्यवस्था की गई है।

गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने करवट बदली। जिले के कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी, जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। तीन दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी। अब दोबारा बर्फ गिरने से ठंड और बढ़ गई है। धाम की पहाड़ियों पर चारों ओर बर्फ नजर आ रही है। बदलते मौसम के बीच यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।

ज्ञात हो केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बर्फबारी और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। धाम में मौसम के इस बदले रूप के बीच भी बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की आवाजाही जारी है। वहीं इस बीच गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी शुरू होने की सूचना है। बर्फबारी से धाम में ठंड बढ़ गई है और पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदल गया है। सफेद बर्फ से ढके धाम का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है।

CLICK HERE- See in Video

यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। बुधवार को धाम में 8,376 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 18,53,032 हो गई है। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी है।

वहीं मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए केदारनाथ धाम में प्रशासन श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है। यात्रा पर आने वाले यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि ठंड के कारण किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा पर आने से पहले मौसम की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य लें।

ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक जोखिम न उठाएं और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का जोर है कि श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के साथ अपनी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और तेज अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं करीब 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. प्रदेश के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके साथ ही झोंकेदार हवाएं (अंधड़) (30-40 किमी/घंटा) की रफ्तार से चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *