Uttarakhand Weather: आज उत्तराखंड के इन 7 जिलों में अलर्ट, बारिश के साथ बिजली भी करेगी परेशान
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. कहीं हल्की से मध्यम बारिश होगी तो कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इस दौरान पहाड़ी इलाकों में मौसम को लेकर खास सतर्क रहने की जरूरत है.
8 से 11 सितंबर के बीच प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी, अल्मोड़ा और चम्पावत समेत कई जिलों में मौसम बदल सकता है. कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
ऋषिकेश : मौसम रहेगा साफ
वहीं आज काफी दिनों बाद मौसम ने ऋषिकेश में राहत की तस्वीर दिखाई है. सुबह से ही आसमान साफ है और तेज धूप खिली हुई है. लगातार बारिश और बादलों के बीच आज निकली धूप से शहर का मौसम काफी खुशनुमा नजर आ रहा है. गंगा घाटों और आसपास के इलाकों में भी मौसम साफ होने से रौनक बढ़ी है. धूप निकलने के बाद तापमान में भी हल्की गर्माहट महसूस हो रही है. हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. फिलहाल तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस है, जबकि दिन में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
हरिद्वार : थमी बारिश
बीते करीब एक महीने से हरिद्वार में हो रहे बारिश के सिलसिले पर विराम लग गया. सुबह शाम और रुक-रुक कर हो रही लगातार बरसात के बाद आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. शहरी क्षेत्र से लेकर देहात तक आसमान साफ है और चटख धूप खिली हुई है. मौसम के इस बदले मिजाज में आसमान पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. आसमान में हल्के-फुल्के बादल तैर रहे हैं लेकिन धूप के चलते तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम बदलते ही लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है. बीते कई दिनों से लगातार बारिश के कारण दैनिक कामकाज और गतिविधियां ठप पड़ी थीं वह अब मौसम के साफ होने से सुचारू हो गई हैं. मौसम के बदले इस रूप से बाजारों में भी रौनक लौट आई है.
आने वाले दिन कैसे होंगे?
मंगलवार 8 सितंबर : कई जिलों में बारिश का अलर्ट
8 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. प्रदेश के बाकी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस दिन पहाड़ी जिलों और ऊधम सिंह नगर में कुछ जगहों पर बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. पिछले 24 घंटे की बात करें तो मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहा. वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया.
9 सितंबर : बारिश के आसार
9 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
10 सितंबर : इन जिलों में भारी बारिश
10 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए 10 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
11 सितंबर : जारी रहेगा बारिश का दौर
11 सितंबर को भी देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. वहीं पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 11 सितंबर के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोग और यात्रा करने वाले लोग मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही बाहर निकलें.
