australia women vs pakistan women: बेथ मूनी ने खेली यादगार पारी

कोलंबो. पाकिस्तान के खिलाफ 21.2 ओवर तक रेकॉर्ड सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने महज 76 रन पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन फिर बेथ मूनी ने अपने कॅरियर की यादगार पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। बुधवार को यहां खेले गए आइसीसी महिला वनडे विश्व कप के मुकाबले में बेथ मूनी (109) के शानदार शतक से ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 221 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 222 रन का लक्ष्य रखा। जिसके जवाब में पाक टीम 36.3 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई और 107 रन से मैच हार गई। ऑस्ट्रेलियाई टीम की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है, उसका एक मैच बारिश के कारण धुल गया था।
पूरे 50 ओवर खेले
मूनी ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को पूरे 50 ओवर तक चलाया और अंतिम गेंद पर आउट हुईं। मूनी ने वनडे कॅरियर का पांचवां शतक ठोका। उन्होंने नौवें नंबर की बल्लेबाज अलाना किंग के साथ 106 रन की साझेदारी निभाई।
नशरा संधू ने झटके 3 विकेट: पाकिस्तान की तरफ से नशरा संधू ने 37 रन पर तीन विकेट लिए जबकि फातिमा सना और रमीम शमीम को दो-दो विकेट मिले। पाकिस्तान टीम ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट गिराने के बाद राहत में दिख रही थी, लेकिन उसने चैंपियन टीम को कम आंकने की बड़ी भूल की।
