महिदपुर में CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- नौसिखिए को कमान दी, गाड़ी ठोके तो हम क्या करें
मुख्यमंत्री ने महिदपुर में 188.42 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज का लोकार्पण किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 18 गांवों के लगभग 11 हजार किसान परिवारों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे किसानों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती अधिक लाभकारी बनेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक तेज बहादुर सिंह, विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग से जुड़े कई निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया। इनमें महाविद्यालय भवन, कन्या विद्यालय भवन, विद्युत उपकेंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री डेलनपुर बालाजी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने नव निर्मित मंदिर में ध्वज स्थापना, कलश प्रतिष्ठा और श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति और आदर्श शासन व्यवस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के मन में रामराज्य जैसी व्यवस्था और भगवान श्रीराम जैसे आदर्श परिवार की कामना रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद अब चित्रकूट धाम को भी भव्य स्वरूप देने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश के उन सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने की बात कही, जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े थे।
मुख्यमंत्री ने डेलनपुर बालाजी धाम के फर्श और बाउंड्री वॉल निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं पर जोर दिया।
राजनीतिक रूप से कार्यक्रम उस समय चर्चा में आ गया जब मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक नौसिखिए को पार्टी की कमान सौंप दी है। यदि वह गाड़ी को आगे बढ़ाने के बजाय पीछे ले जाकर ठोक दे तो उसके लिए कोई और जिम्मेदार नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेतृत्व और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम पर कटाक्ष किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के हित में कभी कोई ठोस काम नहीं किया, जबकि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में महिदपुर के डोंगला क्षेत्र की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी तथा यह क्षेत्र वैज्ञानिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा। विकास कार्यों और राजनीतिक बयानबाजी के बीच महिदपुर का यह कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति और विकास दोनों के लिहाज से चर्चा का विषय बन गया।
