March 14, 2026

भिंड में अटेर पुल निर्माण पर विधायक नाराज: हेमंत कटारे ने शीघ्र चालू करने और सिंचाई परियोजना की समय-सीमा तय करने के दिए निर्देश

0


नई दिल्ली। अटेर विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने चंबल नदी पर निर्माणाधीन अटेर पुल में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सेतु निर्माण विभाग को पुल का कार्य जल्द पूरा कर आम जनता के लिए चालू कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कनेरा उद्वहन सिंचाई योजना की प्रगति पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से परियोजना की समय-सीमा तय करने को कहा।

विधायक कटारे की अध्यक्षता में आईटीआई परिसर में आयोजित विधानसभा स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पुल निर्माण और सिंचाई परियोजना के अलावा राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, कृषि, खाद्य नागरिक आपूर्ति, सहकारिता विभाग और नगर परिषद सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई।

मुख्य निर्देश और मांगें:

विधायक ने अधिकारियों को सभी जनसंबंधी कार्य समय-सीमा में पूरे करने और लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज की जाएगी।महिला एवं बाल विकास विभाग को टीएचआर वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन योजना के तहत पात्र बच्चों को आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस राशन वितरण में किसी भी गड़बड़ी से बचने की चेतावनी दी गई।

अटेर विधायक ने अधिकारियों से कहा कि यदि जनता से जुड़ी समस्याएं हैं, तो उन्हें नियमित रूप से सुनकर समाधान किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अटेर मुख्यालय में उपस्थित रहकर क्षेत्र की जनता की समस्याओं का तुरंत निवारण करें।

बैठक में जनपद अध्यक्ष अटेर प्रतिनिधि विकास शर्मा, एसडीएम अटेर शिवांगी अग्रवाल, तहसीलदार राकेश इमले और नायब तहसीलदार जगन कुशवाह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *