April 24, 2026

मध्य प्रदेश में कोहरा और ठंडी हवाओं का कहर, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

0
29-7-1769673516

भोपाल । मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम ने अपना रुख बदला है। प्रदेश के करीब 60 प्रतिशत हिस्से में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के असर से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। हालांकि आज, गुरुवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 31 जनवरी से एक नया सिस्टम सक्रिय होने के साथ भारी बारिश और मावठे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 30 जनवरी से नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है और कुछ ही दिनों में इसका असर मध्य प्रदेश पर भी दिखने लगेगा। इस नए सिस्टम के साथ फरवरी की शुरुआत में भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

आज सुबह प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, कटनी, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल जिलों में कोहरे का असर देखा गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और शाजापुर में हल्का कोहरा रहा। दिनभर सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बनी रहेगी और तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने 30 जनवरी को उत्तरी जिलों में हल्के कोहरे और ठंड का अनुमान जताया है। 31 जनवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में मौसम बिगड़ने की संभावना है। वहीं, 1 फरवरी से भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत कई जिलों में मावठा और बारिश हो सकती है।

बारिश और सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। कई जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। ग्वालियर में बुधवार को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया में 19.7, टीकमगढ़ में 20.4, खजुराहो में 21.4, श्योपुर में 21.8, गुना-पचमढ़ी में 22.8, भोपाल, सतना और इंदौर में 23.3 तथा उज्जैन और शिवपुरी में 24 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *