June 4, 2026

इंदौर में युवक ने उठाया खौफनाक कदम, आईफोन तोड़ने के बाद कमरे में गया और फंदे पर झूल गया

0
untitled-1780559677

मध्य प्रदेश । इंदौर के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान नार्थ तोड़ा निवासी गौरव पुत्र मनोज कुरिल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गौरव अपने मामा के साथ जूते-चप्पल की दुकान पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह सुबह से ही परेशान और गुमसुम नजर आ रहा था। वह किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था। दिनभर उसके व्यवहार में असामान्य बदलाव दिखाई दे रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।

परिवार के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले गौरव ने अपना आईफोन तोड़ दिया था। इसके बाद उसने अपनी मां का मोबाइल लिया और कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा बंद रहने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को चिंता हुई। जब दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से कमरे का लॉक तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। गौरव फंदे पर लटका हुआ मिला। कमरे में उसका टूटा हुआ मोबाइल भी पड़ा था।

पुलिस के अनुसार गौरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता मनोज कुरिल वाहन पॉलिश का काम करते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि जांच के लिए टूटे हुए मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सुबह गौरव अपनी पैंट पर दूसरी पैंट का रंग लग जाने से नाराज हो गया था। गुस्से में उसने कैंची से अपनी पैंट काट दी थी। इस बात को लेकर घर में विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद उसकी मां नाराज होकर घर से बाहर चली गई थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि गौरव ने मां के मोबाइल से अपने एक दोस्त को फोन कर आईफोन ठीक कराने की बात कही थी। इसके बाद उसने कमरे में खुद को बंद कर लिया। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। समय पर सहायता लेना बेहद महत्वपूर्ण है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *