March 11, 2026

ग्वालियरः एसी ऑन करते ही व्यापारी के घर में लगी भीषण आग, पांच लोगों को बचाया, बहू की मौत

0
0000-1773001419

Gwalior
ग्वालियर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक व्यापारी के घर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही घर से तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। उस समय घर के अंदर परिवार के छह लोग मौजूद थे। इनमें से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बहू की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के सबसे व्यस्ततम बाजार दौलतगंज के बालाबाई के बाजार में रविवार शाम करीब चार बजे एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खिड़कियां तोड़कर घर के अंदर पहुंचे। घटना में एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई और मकान में रखा लाखों का सामान जल गया। मकान के अंदर दो बच्चों समेत कुछ लोग फंसे थे जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर बचा लिया।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार घर में एयर कंडीशनर (एसी) ऑन किया गया था। इसी दौरान आग लग गई। धीरे-धीरे पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। आग बुझाने की कोशिश कर रही है। अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने बताया कि लगभग 35 से अधिक गाड़ियों का पानी आग बुझाने में अब तक लग चुका है।

बताया जा रहा है कि मकान में व्यापारी परिवार के तीन भाई गिर्राज, दिनेश और हरिओम अग्रवाल एक साथ रहते हैं। आग लगने के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे। स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद की। इस दौरान घर में धुआं भर जाने की वजह से अंकिता अग्रवाल (पत्नी सचिन अग्रवाल) का दम घुट गया। पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अंकिता की मौत हो गई। मृतक के पिता अशोक अग्रवाल को हार्ट अटैक आया है। उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी धर्मवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्रीय विधायक सतीश सिकरवार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां लगाई गईं। इसके अलावा टैंकरों से भी पानी की सप्लाई की गई। काफी मशक्कत के बाद कुछ हद तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। हालांकि ऊपरी मंजिलों पर फिर से लपटें अभी भी उठने लगी हैं।

प्रशासन का कहना है कि एरिया बेहद कंजेस्टेड है। यहां प्रॉपर गाड़ियां नहीं जा पा रही हैं। जिसके कारण आग बुझाने में देरी हो रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *