MP: पन्ना की धरती ने फिर उगले हीरे…. चमकी महिला की किस्मत, 2 दिन में मिले चार डायमंड
पन्ना। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के पन्ना जिले (Panna district) में छह महीने से पति के साथ हीरा खदान (Diamond Mine) में मेहनत कर रही झांसी की रहने वाली गुड्डी देवी (Guddi Devi) की किस्मत दो दिन में चार हीरे मिलने के बाद चमक गई। इस मामले की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि सरकोहा क्षेत्र स्थित पट्टा खदान से मिले 5.16 कैरेट के इन हीरों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
सोशल मीडिया से सुनकर शुरू किया था काम
गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास ने बताया कि झांसी में आर्थिक तंगी और काम ठीक नहीं चलने के कारण उन्होंने सोशल मीडिया पर पन्ना के हीरों से जुड़ी खबरें देखीं और यहां किस्मत आजमाने का फैसला किया। दोनों अपने बच्चों के साथ गुड्डी के मायके पन्ना आए और खदान पट्टे पर लेकर खुदाई शुरू की। अब उनकी किस्मत खुल गई है। 6 महीने की मेहनत के बाद अब पति-पत्नी खुश हैं।
6 की मेहनत के बाद मिले हीरे
सोशल मीडिया पर सुनने के बाद काम शुरू किया और करीब छह महीने की लगातार मेहनत के बाद उन्हें दो दिन में चार हीरे मिले, जिनमें 1.62 और 1.29 कैरेट के दो अच्छी गुणवत्ता के हीरे तथा 1.44 और 0.81 कैरेट के दो मध्यम गुणवत्ता के हीरे शामिल हैं। सूचना मिलने पर हीरा पारखी अनुपम सिंह गांधी जयंती के अवकाश के बावजूद कार्यालय पहुंचे और हीरों को आधिकारिक रूप से जमा कराया। सिंह ने बताया कि जमा किए गए हीरों को आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि में से शासकीय रॉयल्टी और कर की कटौती के बाद शेष रकम संबंधित खदान पट्टाधारक को सौंप दी जाएगी।
क्या करेंगे इतनी बड़ी राशि का?
दंपति ने इस सफलता को अपनी मेहनत और ईश्वर की कृपा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि नीलामी से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल बच्चों की बेहतर शिक्षा, परिवार का भविष्य सुरक्षित करने और अपना व्यवसाय बढ़ाने में करेंगे।
