March 9, 2026

कांग्रेस विधायक ने विधानसभा में पेश किया निजी विधेयक, हर नागरिक को सालाना 15 लाख तक मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा का प्रस्ताव

0
sangarh-1772180299


नई दिल्ली। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक और पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने ऐतिहासिक पहल करते हुए ‘सार्वभौम निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा’ पर एक निजी सदस्य विधेयक पेश किया। इस विधेयक के जरिए उन्होंने प्रदेश के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी वर्ग या आय समूह का हो, सालाना 15 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज का अधिकार देने की मांग की है। गंभीर बीमारियों जैसे किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के लिए कवरेज बढ़ाकर 25 लाख रुपए करने का भी प्रस्ताव रखा गया।

डॉ. सिंह ने सदन में कहा कि वर्तमान आयुष्मान योजना का दायरा सीमित है और इसकी 5 लाख की सीमा गंभीर बीमारियों के लिए पर्याप्त नहीं। उन्होंने कहा कि जैसे आईएएस-आईपीएस अधिकारियों को जीवनभर मुफ्त इलाज मिलता है, वैसे ही आम जनता को भी समान स्वास्थ्य सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा, “सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है।” डॉ. सिंह ने सरकार से आग्रह किया कि अगर जरूरत पड़े तो कर्ज लेकर भी यह सुविधा लागू की जाए और जनता को इसका लाभ मिले।

सदन में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लाड़ली बहन योजना के उदाहरण के जरिए बात रखी, लेकिन डॉ. सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि 1500 रुपए की राशि बड़े ऑपरेशन के खर्च के सामने नगण्य है। उन्होंने स्वास्थ्य को राजनीति और वोट बैंक से ऊपर उठाकर एक अनिवार्य अधिकार बनाने की बात कही। इस पहल से मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य क्रांति की दिशा में संभावित कदम की शुरुआत हो सकती है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *