September 23, 2026

इंदौर में कार रेंटल धोखाधड़ी का खुलासा: आरोपी ने किराए पर लेकर गिरवी रखी 24 लग्जरी कारें, कीमत 3 करोड़

0
aam-aadmi-party-1769332000


इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कार रेंटल के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने शातिर आरोपी संजय कालरा को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की 24 लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। अब तक इस मामले में 40 से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं और पुलिस को और बड़े खुलासों की उम्मीद है।

मामला तब सामने आया जब एक फरियादी ने शिकायत दी कि आरोपी ने उसकी कार किराए पर ली थी।

शुरू में आरोपी नियमित रूप से किराया देता रहा, लेकिन कुछ महीने बाद अचानक भुगतान रोक दिया। जब फरियादी ने कार वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत दर्ज होने के बाद कई और पीड़ित सामने आए।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी महंगी और लग्जरी गाड़ियां किराए पर लेकर उन्हें अलग-अलग जगहों पर गिरवी रखता और मोटी रकम वसूल करता था। आरोपी ने यह तरीका सिर्फ इंदौर में ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी अपनाया।

ऑडी, एक्सयूवी, थार जैसी कई महंगी कारें इस धोखाधड़ी का हिस्सा रही हैं।

अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में संजय कालरा ने अब तक की गई ठगी स्वीकार की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 24 लग्जरी कारें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।

डीसीपी आनंद कलादि के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अब तक 40 से अधिक शिकायतें मिली हैं। पुलिस की पूछताछ अभी जारी है और 16 और कारों की बरामदगी होने की संभावना है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन शामिल था और गिरवी रखी गई कारों के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *