March 8, 2026

कुबेरेश्वर धाम के पास भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो चकनाचूर, 7 यात्री घायल

0

सीहोर । सीहोर जिले के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल–इंदौर मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने सवारी से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ऑटो में सवार करीब सात लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय ऑटो भोपाल–इंदौर मार्ग से गुजर रहा था तभी कुबेरेश्वर धाम के नजदीक पीछे या सामने से आए अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क किनारे जा गिरा। ऑटो की हालत देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना कितनी गंभीर थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस दुर्घटना में घायल लोगों में नरोत्तम सिंह 35 निवासी अलीगढ़ अनीता देवी 35 रुक्मणि देवी 35निवासी डोरीनगर प्रिया सिंह 35 निवासी दिल्ली रूपा मुन्नालाल 60निवासी मोहनपुरा कृष्णा जगपाल 30निवासी अलीगढ़ और शशि राधेश्याम 33 निवासी अलीगढ़ शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि सीहोर जिला लगातार सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता का विषय बना हुआ है। आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2024 में जिले में कुल 1172 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं जिनमें 1218 लोग घायल हुए और 295 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं साल 2025 में भी हालात ज्यादा नहीं सुधरे। बीते वर्ष जिले में 1087 सड़क हादसे दर्ज किए गए जिनमें 976 लोग घायल हुए और 287 लोगों ने अपनी जान गंवाई। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने कुबेरेश्वर धाम जैसे व्यस्त धार्मिक मार्गों पर स्पीड कंट्रोल सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *