March 8, 2026

पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक और बलूच महिला को किया अगवा, एक माह में दूसरी घटना

0
000000000000000000000000

इस्लामाबाद। पाकिस्तान (Pakistan) के अशांत बलूचिस्तान प्रांत (Balochistan Province) के तुर्बत में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों (Pakistani security forces) ने कथित तौर पर एक और बलूच महिला को जबरन अगवा कर लिया है। द बलूचिस्तान पोस्ट (टीबीपी) की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना एक महीने से भी कम समय में बलूच महिला से जुड़ी दूसरी घटना है। 30 वर्षीय रुबीना बलूच (Rubina Baloch) को सोमवार को उस समय पकड़ा गया, जब वह तुर्बत शहर के ओवरसीज कॉलोनी इलाके में अपनी बहन से मिलने गई थी।

कौन हैं रुबिना बलूच
रुबिना बलूच सरकार के लिए एक लेडी हेल्थ विजिटर के तौर पर काम करती है और केच जिले के गोवारकोप की रहने वाली है। फ्रंटियर कॉर्प्स और मिलिट्री इंटेलिजेंस के कर्मियों ने कथित तौर पर सोमवार की शाम 4:00 बजे के आसपास एक लक्षित ऑपरेशन के दौरान उसे हिरासत में ले लिया। टीबीपी के अनुसार, महिला का वर्तमान स्थान अज्ञात है। बलूच यकजेहती समिति (बीवाईसी) ने भी इस घटना की पुष्टि की है और बलूच महिलाओं को जबरन गायब करने की “बढ़ती प्रवृत्ति” पर गंभीर चिंता जताई है।

बहन के घर से जबरन उठाई गई
समिति ने रुबीना की तत्काल रिहाई की मांग की है। बलूच महिला फोरम ने भी रुबिना के अपहरण की निंदा की है। एक बयान में, फोरम ने कहा,”यह बेहद परेशान करने वाला है कि 30 जून को दोपहर करीब 4 बजे, एक अन्य बलूच महिला, रुबीना बलूच, मोहिब उल्लाह की बेटी और सारी कल्लग गोवारकोप की निवासी, को तुर्बत की ओवरसीज कॉलोनी में उसकी बहन के घर से जबरन उठा लिया गया। वह पेशे से एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता है जिसे गैरकानूनी तरीके से ले जाया गया।”

तेजी से बढ़ रहा बलूच महिलाओं के अपहरण का मामला
फोरम ने चेतावनी दी कि बलूच महिलाओं के इस तरह के गायब होने की घटनाएं तेजी से आम होती जा रही हैं और राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आग्रह किया कि वे जबरन गायब करने और अज्ञात हिरासत के निंदनीय कृत्य में महिलाओं को शामिल न करें। रुबीना का अपहरण महजबीन बलोच के लापता होने के ठीक एक महीने बाद हुआ है। 24 वर्षीय छात्रा महजबीन बलोच पोलियो सर्वाइवर है, जिसे 29 मई को क्वेटा सिविल अस्पताल से लापता कर दिया गया था।

अस्पताल से उठाई गई थीं महजबीन
महजबीन अपने विश्वविद्यालय के छात्रावास में जगह की कमी के कारण उस वक्त अस्थायी रूप से एक अस्पताल में रह रही थी। कथित तौर पर उसे पुलिस, आतंकवाद निरोधी विभाग और खुफिया अधिकारियों के साथ एक समन्वित अभियान के दौरान उठा लिया गया था। टीबीपी की रिपोर्ट में बताया गया है कि अभी तक उसका ठौर ठिकाने का पता नहीं चल सका है। एक माह में दूसरी बलूच महिला के गायब होने से बलूचिस्तानियों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ रोष है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *