November 1, 2026

रणबीर के राम अवतार ने जीता दिल, यश के रावण की भी हुई तारीफ, रामायण के 7 सीक्वेंस देखकर समीक्षक हुए भावुक

0
untitled-1793519075

नई दिल्ली । बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता है और अब इसके वर्ल्ड प्रीमियर के बाद सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं ने इस उत्साह को और बढ़ा दिया है। मशहूर फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने फिल्म देखने के बाद इसे पूरे 5 स्टार दिए हैं। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय पर्दे पर इससे पहले इतनी भव्य और प्रभावशाली सिनेमाई प्रस्तुति देखने को नहीं मिली। उनके मुताबिक फिल्म में शानदार विजुअल्स बड़े स्तर का प्रोडक्शन गहरा भावनात्मक जुड़ाव और आध्यात्मिक अनुभव देखने को मिलता है। उन्होंने फिल्म के सात ऐसे दृश्यों का भी जिक्र किया जिन्होंने उनका दिल जीत लिया।

तरण आदर्श ने अपने रिव्यू की शुरुआत जय श्री राम के उद्घोष के साथ की। उन्होंने लिखा कि रामायण केवल बड़े बजट और शानदार दृश्यों वाली फिल्म नहीं है बल्कि इसकी असली ताकत इसकी आत्मा और भावनाओं में छिपी है। फिल्म भारतीय संस्कृति की महिमा और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत जीत का उत्सव मनाती है। उनके अनुसार इसकी पटकथा और कहानी दर्शकों को शुरुआत से लेकर अंत तक बांधे रखने की क्षमता रखती है। फिल्म में भव्यता के साथ भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव भी देखने को मिलता है।

ये सात दृश्य बने फिल्म की खास पहचान

तरण आदर्श ने फिल्म के सात ऐसे सीक्वेंस बताए जिन्हें उन्होंने बेहद प्रभावशाली माना। इनमें शुरुआत में ब्रह्मा और रावण के बीच का दृश्य और उसके बाद रावण का लंका पर अपना अधिकार जताने वाला प्रसंग शामिल है। इसके अलावा जंगल में राक्षसों और भगवान राम के बीच होने वाली लड़ाई को भी उन्होंने खास बताया।

फिल्म में सीता स्वयंवर का दृश्य भी उनके पसंदीदा सीक्वेंस में शामिल रहा। वहीं राजा दशरथ कैकेयी और भगवान राम के बीच इंटरवल से पहले आने वाला भावुक प्रसंग कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है। रावण और उसके बहनोई विद्युतजीव के बीच एक्शन सीक्वेंस ने भी समीक्षक का ध्यान खींचा। इसके अलावा शूर्पणखा का प्रसंग और पुष्पक विमान पर रावण तथा जटायु के बीच होने वाली लड़ाई को भी उन्होंने फिल्म के यादगार दृश्यों में गिना।

रणबीर और यश की एक्टिंग की तारीफ

फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर के अभिनय की तरण आदर्श ने विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि रणबीर ने अपने किरदार को गरिमा सम्मान और मजबूती के साथ प्रस्तुत किया है। उनका संयमित स्वभाव भावपूर्ण आंखें और सहज अभिनय भगवान राम के व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाते हैं। वहीं रावण की भूमिका निभा रहे यश की स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार अंदाज को भी उन्होंने शानदार बताया।

सीता की भूमिका में नजर आ रहीं साई पल्लवी के अभिनय को भी उन्होंने सराहा। उनके मुताबिक अभिनेत्री ने अपने किरदार में स्वाभाविकता कोमलता और गरिमा बनाए रखी है। रवि दुबे ने भी अपने किरदार में दृढ़ता और ईमानदारी दिखाई है। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह सनी देओल शोभना लारा दत्ता और विवेक ओबेरॉय के काम की भी तारीफ की गई।

रहमान और हंस जिमर के संगीत ने बढ़ाया प्रभाव

फिल्म के संगीत को लेकर भी तरण आदर्श ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। एआर रहमान के गीत फिल्म के भावनात्मक माहौल को मजबूत बनाते हैं जबकि हंस जिमर और रहमान का बैकग्राउंड स्कोर कहानी के नाटकीय प्रभाव को और गहरा करता है। उन्होंने विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डीएनईजी के काम की भी जमकर तारीफ की। उनके अनुसार फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन और एक्शन सीक्वेंस भारतीय सिनेमा को एक अलग स्तर पर ले जाने वाले हैं।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। अब तरण आदर्श की पांच सितारों वाली प्रतिक्रिया के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि फिल्म को दर्शकों की वास्तविक प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस पर मिलने वाला परिणाम रिलीज के बाद ही सामने आएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *