August 28, 2026

रुद्रपुर में उलेमाओं पर केस, वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस

0
Ulema Controversy
  • जुलूस के दौरान कथित बयानबाजी पर पुलिस कार्रवाई

रुद्रपुर में 26 अगस्त को इंद्र चौक पर निकाले गए जुलूस के दौरान कथित तौर पर की गई बयानबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में कुछ उलेमाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब जुलूस के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

रुद्रपुर के क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों की ओर से की गई बयानबाजी पुलिस के संज्ञान में आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद संबंधित उलेमाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

सीओ के मुताबिक, घटना से जुड़े कई वीडियो पुलिस के संज्ञान में आए हैं। इनकी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि जुलूस के दौरान वास्तव में क्या हुआ और कथित बयानबाजी किस व्यक्ति की ओर से की गई, इसकी पुष्टि हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो या सोशल मीडिया पर सामने आए किसी बयान के आधार पर सीधे निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है। वीडियो फुटेज के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है। जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीओ विभव सैनी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी ऐसे बयान या गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो, बयान या सूचना को शेयर न करें। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *