September 14, 2026

आकाश आनंद को रामदास आठवले का ऑफर, बोले- मायावती ने निकाला तो RPI में आइए

0
images-1789383116
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के सहयोगी दलों ने सीट बंटवारे को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने मायावती के भतीजे आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है। वहीं, आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने साफ किया कि पार्टी भाजपा से विधानसभा चुनाव में 25 सीटें मांगेगी। सहमति नहीं बनी तो आरपीआई अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करेगी।

मुरादाबाद में आयोजित संविधान सम्मान रैली में पहुंचे आठवले ने मायावती और राहुल गांधी पर निशाना साधा। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मायावती ने अपने भतीजे आनंद को पार्टी से निकाल दिया है और आरपीआई उन्हें अपने साथ लेने के लिए तैयार है।

‘आनंद अच्छा काम कर रहे थे, हम साथ लेने को तैयार’
रामदास आठवले ने कहा कि मायावती ने अपने भतीजे आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया, जबकि वह अच्छा काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरपीआई आनंद को अपने साथ लेने के लिए तैयार है। आठवले ने बसपा पर आरपीआई के चुनाव चिह्न हाथी के अतिक्रमण का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि आरपीआई का अपना राजनीतिक इतिहास और पहचान है।

भाजपा से 25 सीटें मांगेगी आरपीआई
मुरादाबाद में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने विधानसभा चुनाव को लेकर आरपीआई की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पार्टी भाजपा से 25 सीटों की मांग करेगी। गुप्ता ने कहा कि आरपीआई का संगठन भले ही छोटा हो, लेकिन पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को लखनऊ में रैली आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि भाजपा के साथ सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो आरपीआई अकेले चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

राहुल गांधी पर आठवले का हमला
संविधान सम्मान रैली को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता को भड़काने का काम करते हैं और संसद में हंगामा करते हैं। आठवले ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें शिरडी लोकसभा सीट से चुनाव हराया था और सरकारी आवास से उनका सामान बाहर फिंकवा दिया गया था। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें सहयोग मिला और प्रधानमंत्री ने उन्हें तीसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया है।

ब्रिक्स को लेकर बोले- बढ़ेगा व्यापार
केंद्रीय मंत्री ने ब्रिक्स सम्मेलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे हैं और भारत ने सभी देशों के साथ समन्वय स्थापित किया है। आठवले ने दावा किया कि चीन भारत की सीमा तक नहीं आएगा और देशों के बीच समन्वय से व्यापार बढ़ेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास विरोध के अलावा कोई मुद्दा नहीं है और वह केवल शोर मचा रहा है।

उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं पहुंची
मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटने पर पार्टी नेताओं में नाराजगी दिखाई दी। इसे स्थानीय संगठन की कमजोरी माना गया। प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने इस पर जिलाध्यक्ष से नाराजगी जताई और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की हिदायत दी। अब नजर इस बात पर है कि आरपीआई की 25 सीटों की मांग पर भाजपा क्या रुख अपनाती है और आकाश आनंद को दिया गया रामदास आठवले का राजनीतिक न्योता आगे किस रूप में सामने आता है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *