March 8, 2026

PM Dehradun Visit: अतिथि गृह तक आवाजाही के लिए पहली बार खोला गया नया गेट

0
PM visit UK
  • यही मिलेंगे लोगों से प्रधानमंत्री


देहरादून एयरपोर्ट पर स्टेट गेस्ट हाउस तक आवाजाही करने के लिए पहली बार नए गेट को खोला गया है। स्टेट गेस्ट हाउस के पास एक बड़ा पंडाल भी बनाया जा रहा है। इसी पंडाल में प्रधानमंत्री आपदा प्रभावितों और आपदा वीरों से मुलाकात करेंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेंगे।

गेस्ट हाउस के लिए कुछ समय पहले बनाए गए नए गेट के पास पुलिस, अधिकारी और सुरक्षा जवानों ने अपनी तैयारियां पूरी की। एयरपोर्ट टोल बैरियर से पहले दाहिनी तरफ कोठारी मोहल्ले जाने वाले नए मार्ग को स्टेट गेस्ट हाउस तक बनाया गया है।

नया मार्ग और नया गेट बनने से संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य लोग एयरपोर्ट के बाहर से ही गेस्ट हाउस तक आवाजाही कर वीवीआईपी से मिल सकेंगे। जबकि पहले एयरपोर्ट टर्मिनल से पास बनवाकर और तमाम सुरक्षा मानकों का पालन करने के बाद गेस्ट हाउस तक आवाजाही की जाती थी, जिसमें काफी वक्त लगता था।

पार्किंग के लिए जगह

गेस्ट हाउस तक आवाजाही करने वाली पुलिस, अधिकारियों और तमाम लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए कोठारी मोहल्ले में पुलिस द्वारा जगह तलाश कर जेसीबी से झाड़ियां आदि हटवाई गई।

डोईवाला के कोतवाल कमल कुमार लुंठी का कहना है कि इस बार स्टेट गेस्ट हाउस तक आवाजाही करने के लिए नए मार्ग और नए गेट का इस्तेमाल किया जाएगा। जबकि पहले एयरपोर्ट टर्मिनल पर पास आदि बनाकर सुरक्षा जांच के बाद गेस्ट हाउस तक आवाजाही होती थी। अब एयरपोर्ट बाउंड्री के बाहर से ही आवाजाही की जाएगी।

PM Modi Dehradun Visit: एयरपोर्ट छावनी में तब्दील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब सवा चार बजे विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जिसके बाद वो एमआई 17 हेलिकॉप्टर से प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर एयरपोर्ट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पूरा एयरपोर्ट छावनी में तब्दील हो गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों का कड़ा पहरा है। पीएम के कार्यक्रम को लेकर एयरपोर्ट पर ब्रीफिंग और रिहर्सल की गई। मुुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

इसके अलावा एयरपोर्ट पर ऊर्जा निगम, दूरसंचार विभाग, लोनिवि, वन और संबंधित विभागों ने अपने कार्यों को दुरुस्त किया। प्रधानमंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करने के बाद हेलिकॉप्टर से वापस देहरादून एयरपोर्ट पहुचेंगे। एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल बैठक करेंगे।

शाम करीब सात बजे पीएम मोदी देहरादून से दिल्ली रवाना होंगे। ब्रीफिंग और रिहर्सल के दौरान एयरपोर्ट पर एडीजी वी मुरूगेशन, एडीजी इंटेलीजेंस एपी अंशुमन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईपीएस श्वेता चौबे, एसपी मंजूनाथ टीसी, एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी, आईपीएस विशाखा भदाणे आदि मौजूद रहे।

पेड़ों की छंटाई कराई
वन विभाग की टीम द्वारा एयरपोर्ट के आसपास ऊंचे पेड़ों की छंटाई कराई गई। पीएम के कार्यक्रम के दौरान वन्य जीवों की रोकथाम के लिए थानो वन रेंज की दस लोगों की टीम और चार लोगों की क्विक रिस्पांस फोर्स की टीम ट्रेंकुलाइजर गन के साथ एयरपोर्ट के अंदर तैनात रहेंगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *