यूनुस को फटकार: हिंदुओं पर हुई हिंसा नजरअंदाज नहीं करेंगे
– अल्पसंख्यकों के खिलाफ 2,900 हिंसा के मामले, भारत ने बांग्लादेश को चेताया

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हाल ही में हुई हिंसा पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि
इन घटनाओं को सिर्फ ‘मीडिया की बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई खबर’ या राजनीतिक हिंसा कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
बांग्लादेश में हाल की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि वह बांग्लादेश में हाल ही में हुए घटनाक्रमों से वे पूरी तरह
अवगत हैं और स्थिति पर ध्यान रख रहे। उन्होंने कहा बांग्लादेश में हिंदू, ईसाई, बौद्ध आदि अल्पसंख्यकों के खिलाफ चरमपंथियों द्वारा लगातार की जा रही हिंसा बहुत चिंता का विषय है। उन्होंने मयमनसिंह में हाल ही में एक हिंदू युवक अमृत मंडल की जघन्य हत्या की कड़ी निंदा की और उम्मीद जताई कि इस अपराध के दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरिम सरकार के दौरान अल्पसंख्यकों के खिलाफ 2900 से अधिक हिंसक घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें हत्या, आगजनी और जमीन कजाना शामिल हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश में हिंसा का विरोध करते हुए।
झूठे नैरेटिव गढऩे पर भी लगाई झाड़
जायसवाल ने बांग्लादेश में भारत विरोधी ‘झूठे नैरेटिव’ को भी सिरे से खारिज किया और कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और बांग्लादेशी अधिकारियों के संपर्क में है।
हादी की हत्या पर रातभर मेट्रो स्टेशन घेरा
शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या के खिलाफ शुक्रवार को इंकलाब मंच ने ढाका मेट्रो के अहम इंटरचेंज शाहबाग स्टेशन के इलाके को जाम कर दिया। नमाज के बाद ढाका विश्वविद्यालय की सेंट्रल मस्जिद से जुलूस निकला। लोगों ने कहा कि शनिवार सुबह तक देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग शाहबाग पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। मंच के नेता जाबेर ने यूनुस सरकार को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे देश में नाकाबंदी की जाएगी। जाबेर ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि अगर अगर आप इस हत्या के खिलाफ नहीं खड़े होते हैं, तो बांग्लादेश के लोग मानेंगे कि इसमें आपकी भी भूमिका है।
