March 8, 2026

‘कट्टरपंथी तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे, सनातनियों को एकजुट होने की जरूरत’

0
baba bageswer

– बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली विस्फोट की कड़ी निंदा की
– कहा- जब तक प्राण हैं, भारत और सनातन धर्म के लिए कार्य करते रहेंगे


बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिल्ली में हुए विस्फोट की बुधवार को कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि हम सनातनियों को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी व मजहबी कट्टर सोच रखने वाले तत्व लगातार समाज में तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। आज देश के सभी सनातनियों को एकजुट होने की जरूरत है।
ये बातें बागेश्वर धाम महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी अगुवाई में निकाली जा रही सनातन एकता पदयात्रा के दौरान कहीं। पदयात्रा बुधवार को मुंडकटी और बंचारी से होते हुए हरियाणा के होडल स्थित अनाज मंडी पहुंची। इस मौके पर नागरिकों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। पदयात्रा का स्वागत करने और उसमें शामिल साधु-संतों के दर्शन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी।
पदयात्रा के पथ प्रदर्शक स्वामी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने के कारण वह लगातार पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर सनातनियों के लिए ही है, कुछ भी हो हम रुकेंगे नहीं। उन्होंने सड़क पर लेट कर आराम किया और कहा कि उनकी यात्रा लगातार जारी रहेगी। कहा कि उनका लक्ष्य है कि भविष्य में पूरे विश्व में हिंदू सुरक्षित और संगठित रहें। उनके द्वारा शुरू की गई पदयात्रा लगातार जारी रहेगी। जब तक प्राण हैं, तब तक भारत और सनातन धर्म के लिए कार्य करते रहेंगे।

आज यूपी की सीमा में प्रवेश करेगी पदयात्रा
पदयात्रा होडल से कोसी होते हुए गुरुवार को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी। यह 10 दिवसीय पदयात्रा 16 नवंबर तक चलेगी और वृंदावन में श्री बांके बिहारी जी के दर्शन के साथ संपन्न होगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *