रामायण में रणबीर कपूर सबसे महंगे कलाकार, 150 करोड़ की फीस ने खींचा ध्यान, यश की कमाई पर सस्पेंस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में सबसे ज्यादा फीस रणबीर कपूर को दी जा रही है। बताया जा रहा है कि भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए रणबीर को दोनों भागों के लिए करीब 150 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इस हिसाब से उन्हें प्रत्येक भाग के लिए लगभग 75 करोड़ रुपये मिलने की चर्चा है। इतनी बड़ी रकम के साथ रणबीर इस फिल्म के सबसे महंगे कलाकार बताए जा रहे हैं। उनके किरदार को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है क्योंकि रामायण जैसे प्रतिष्ठित विषय पर बन रही फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभाना उनके करियर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जा रही है।
दूसरी ओर रावण की भूमिका निभा रहे यश की फीस को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उन्हें दोनों भागों के लिए करीब 100 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। हालांकि यश केवल अभिनेता ही नहीं बल्कि इस प्रोजेक्ट से बतौर सह निर्माता भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनकी कमाई का पूरा गणित अलग हो सकता है। कुछ खबरों में दावा किया गया है कि यश अभिनय के लिए अलग से फीस नहीं ले रहे हैं और उन्हें फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी मिल सकती है। इसी वजह से उनकी वास्तविक कमाई को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
फिल्म में माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी को दोनों भागों के लिए करीब 12 करोड़ रुपये मिलने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें प्रत्येक भाग के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये दिए जा सकते हैं। वहीं हनुमान के किरदार में नजर आने वाले सनी देओल की फीस करीब 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे रवि दुबे को 2 से 4 करोड़ रुपये तक मिलने का अनुमान है। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह की फीस 1 से 2 करोड़ रुपये और अरुण गोविल की फीस करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। लारा दत्ता को लगभग 3 करोड़ रुपये मिलने की खबरें भी सामने आई हैं।
फिल्म से जुड़ी एक और दिलचस्प चर्चा अभिनेता विवेक ओबेरॉय को लेकर है। वह इसमें विद्युज्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विवेक ने अपनी फीस लेने से इनकार कर दिया और यह रकम दान कर दी। हालांकि इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रामायण के दोनों भागों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में भव्य विजुअल इफेक्ट्स और अंतरराष्ट्रीय तकनीकी टीम के साथ संगीतकार एआर रहमान और हैंस जिमर भी जुड़े हैं। इतनी बड़ी लागत और सितारों की मौजूदगी ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल कर दिया है। हालांकि कलाकारों की फीस को लेकर सामने आए सभी आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। निर्माताओं ने अब तक इन रकमों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
