दिल्ली के बंगाली मार्केट में सास सुधा मूर्ति के साथ घूमते नजर आए पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक
नई दिल्ली। पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक (Former British PM Rishi Sunak) पिछले दिनों भारत दौर पर आए हुए थे। अपनी इस यात्रा के दौरान वह अपने परिवार के साथ भी समय बिताते हुए नजर आए। गुरुवार को सुनक अपनी सास और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति (Sudha Murty) के साथ दिल्ली के बंगाली मार्केट स्थित मशहूर ‘बंगाली स्वीट हाउस’ (‘Bengali Sweet House’) पहुंचे। यहां पर उनके साथ में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी नजर आईं। यहां सुनक ने भारतीय मिठाइयों के प्रति अपने लगाव को जाहिर करते हुए रस मलाई का ऑर्डर दिया। गौरतलब है कि पूर्व ब्रिटिश पीएम 2025 में दीवाली के समय भी इस दुकान पर आए थे।
सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में सुनक को वहां ऑर्डर देते हुए देखा जा सकता है। ‘बंगाली स्वीट हाउस RC’ के पार्टनर वर्जेश अग्रवाल ने इस दौरे के कई वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं। इनमें से एक वीडियो में वे ऋषि सुनक, सुधा मूर्ति और स्वाति मालीवाल का रेस्तरां में स्वागत करते हुए नजर आ रहे हैं।
अग्रवाल ने कैप्शन में लिखा, “यूनाइटेड किंगडम के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, सांसद और इन्फोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुधा मूर्ति और सांसद स्वाति मालीवाल का स्वागत करना हमारे लिए बेहद सम्मान और सौभाग्य की बात थी।”
बता दें, पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक ‘ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम’ में शामिल होने के लिए 13 से 15 अक्तूबर तक नई दिल्ली की यात्रा पर आए हुए थे। यहां पर उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की और सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई भी दी।
गौरतलब है कि भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक ऋषि सुनक ने इन्फोसिस सीईओ नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से शादी की है। ऋषि सुनक 25 अक्तूबर 2022 से लेकर 5 जुलाई 2024 तक ब्रिटिश पीएम रहे।
