October 13, 2026

उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश के आसार: दिसंबर तक बारिश रहने की संभावना, ठंड के लिए करना होगा इंतजार

0
uttarakhand Weather
  • 2 दिन बाद यलो अलर्ट

उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश के आसार हैं। इनमें देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ शामिल है। 3,500 मीटर या उससे ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले तीन दिन बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर को देहरादून समेत 7 जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3500 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने के भी आसार हैं।

15 अक्टूबर को सभी जिलों में बारिश का अंदेशा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना भी है।

अक्टूबर से दिसंबर तक बरसेंगे बादल

उत्तराखंड में अक्टूबर से दिसंबर तक सामान्य से ज्यादा बारिश के आसार हैं। IMD के लॉन्ग रेंज फोरकास्ट के मुताबिक, इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से थोड़ी ज्यादा बारिश हो सकती है। अक्टूबर में प्रदेश का अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। ऐसे में फिलहाल जल्दी ठंड बढ़ने या सर्दियां ज्यादा पड़ने के स्पष्ट संकेत नहीं हैं।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगले 5 से 7 दिनों तक बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां जारी रहने और 15-16 अक्टूबर के आसपास इनमें तेजी आने के आसार हैं। हालांकि, तीन महीने के पूर्वानुमान का मतलब लगातार बारिश होना नहीं है।

 

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *