October 4, 2026

Chamoli samachar: NSUI जिलाध्यक्ष विपिन फर्स्वाण निष्कासित

0
NSUI

5 विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों पर भी कार्रवाई

उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद कांग्रेस पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई ने चमोली के जिला अध्यक्ष समेत अलग-अलग महाविद्यालयों के पांच विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों पर अनुशासन का चाबुक चलाया है। इन्हें संगठन ने तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण चमोली के जिला अध्यक्ष विपिन फर्स्वाण को निष्कासित कर दिया है। विकास नेगी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि, हाल ही में छात्रसंघ चुनाव के दौरान विपिन ने संगठन के निर्देशों के विपरीत जाकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होकर काम किया। आरोप लगाया कि, उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पक्ष में मतदान करवाया।

इन गंभीर शिकायतों का संगठन ने संज्ञान लिया। उनका इस तरह का आचरण छात्र संगठन की विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी के निर्देशों के खिलाफ रहा। इसलिए संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्हें चमोली जिला अध्यक्ष के पद से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। इसके अलावा एनएसयूआई ने अनुशासन का चाबुक चलाते हुए पांच अधिकृत प्रत्याशियों को भी निष्कासित किया है।

गोपेश्वर से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ललित सिंह, कर्णप्रयाग से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि विशाल, जोशीमठ से सुमित सिंह, नारायण बगड़ से गौरव और नंदा नगर घाट से अजय सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।

इधर, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई के प्रदर्शन पर संतोष जताया और कहा कि एनएसयूआई ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार ने डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ अध्यक्ष का चुनाव पुलिस प्रशासन के दम पर जीता। उन्होंने चुनाव जीतने के लिए वोटों में कथित धांधली किए जाने का भी आरोप लगाया है।

 

 

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *