September 3, 2026

ग्राउंड पर विकास और मोबाइल पर उसकी कहानी: भाजपा का मेगा डिजिटल कैंपेन, इन्फ्लूएंसर दिखाएंगे बदलाव की तस्वीर

0
untitled-1788411117

भोपाल । जंतर मंतर पर Gen Z प्रोटेस्ट के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं तक पहुंचने के लिए अपनी रणनीति को नए डिजिटल अंदाज में तैयार किया है। पार्टी का फोकस अब केवल पारंपरिक जनसंपर्क कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी युवाओं से सीधा संवाद करने की कोशिश की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान में भाजपा इन्फ्लूएंसर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को महत्वपूर्ण भूमिका देने की तैयारी में है। अभियान का उद्देश्य सरकार और भाजपा के कार्यों से आए बदलाव को रील्स और वीडियो के जरिए खासकर Gen Z तक पहुंचाना है।

भाजपा की योजना के अनुसार देशभर में इन्फ्लूएंसर को ऐसे स्थानों तक ले जाया जाएगा जहां पिछले वर्षों में विकास और सरकारी योजनाओं के कारण स्पष्ट बदलाव दिखाई देता है। कंटेंट क्रिएटर्स वहां पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और अपने अनुभव के आधार पर वीडियो तैयार करेंगे। राज्यों से ऐसे स्थानों की सूची भी मांगी जाएगी जहां लोगों के जीवन सुरक्षा अर्थव्यवस्था इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के अवसरों में बड़ा बदलाव आया है। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 50 प्रमुख स्थानों को इस अभियान के लिए चुने जाने का प्रस्ताव है।

अभियान में हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा नहीं करेंगे बल्कि उन लोगों की वास्तविक कहानियां भी रिकॉर्ड करेंगे जिनके जीवन में किसी योजना से बदलाव आया है। वीडियो में लाभार्थी का नाम स्थान जिला संबंधित योजना और उससे जीवन में आए परिवर्तन की जानकारी शामिल करने की योजना है। कार्यकर्ता स्वयं भी रील बनाकर इस डिजिटल अभियान का हिस्सा बनेंगे और 60 सेकंड तक के वीडियो YouTube और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे।

कैंपेन का एक बड़ा हिस्सा कहानी बदलाव की नाम से तैयार किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करीब 25 लाख नागरिकों की वास्तविक कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से लगभग 25 हजार कहानियों को चयनित किया जाएगा जबकि करीब 250 सबसे प्रभावशाली कहानियों को पेशेवर तरीके से तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। जिलों राज्यों और राष्ट्रीय स्तर के सोशल मीडिया अकाउंट से इन वीडियो को साझा करने की तैयारी है।

अभियान में डिजिटल गतिविधियों के साथ सेवा और जनभागीदारी को भी जोड़ा जाएगा। आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम कार्यकर्ता और आम नागरिक अपने घरों में दीप जलाएंगे। इसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में लोगों को अलग अलग सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेने और अपनी गतिविधि का वीडियो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताओं की भी योजना है। वहीं नमो सेवा गाथा के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों द्वारा गांव गांव तक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। 25 सितंबर से आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन का उत्सव आयोजित कर महिलाओं बच्चों और कार्यकर्ताओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

भाजपा की यह नई रणनीति साफ तौर पर जमीन पर किए गए कार्यों को डिजिटल दुनिया में प्रभावशाली कहानी के रूप में पेश करने पर केंद्रित है। इन्फ्लूएंसर रील्स लाभार्थियों की कहानियां सेवा गतिविधियां और सोशल मीडिया शेयरिंग के जरिए पार्टी युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी में है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *