Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में 1 सितंबर को बंद रहेंगे स्कूल
-
कुमाऊँ क्षेत्र के अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ में तेज, तो नैनीताल के हल्द्वानी सहित कुछ क्षेत्र ने दिनभर बारिश का अनुमान
Uttarakhand Weather Today (01Sep.2026): उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में फिलहाल कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, सितंबर महीने की शुरुआत भी राज्य में आफत की बारिश के साथ ही हुई है. यहां मौसम के मिजाज में सुधार के अभी कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। आगामी 6 सितंबर तक पूरे राज्य में लगातार बारिश और गर्जना का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
1 सितंबर को उत्तराखंड में मौसम कैसा रहेगा? : मौसम विभाग ने 1 सितंबर के लिए पूर्वानुमान जारी कर दिया है। वैज्ञानिकों की माने तो 1 सितंबर यानी मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ बौछार होने की संभावना है। इसके अलावा पहाड़ों में सफर करने वाले पर्यटकों से मौसम का अपडेट देख कर यात्रा का प्लान बनाने की अपील की है।
वहीं मौसम के जानकारों का मानना है कि मंगलवार यानी एक सितंबर को अल्माड़ा व पिथैरागढ़ में दोपह 3 बजे से शाम के 6 बजे के बीच तेज बारिश की संभावना है। जबकि नैनीताल के हद्वानी सहित कुछ क्षेत्रों में इस दिन तकरीबन पूरे समय बारिश बनी रहेगी।
बारिश का सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा – मौसम विभाग की माने तो मंगलवार के बाद भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने वाला है। 2 सितंबर को भी राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
आज स्कूल बंद: देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट-
मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी में गर्जन-चमक के साथ बेहद तीव्र से अत्यंत तीव्र मूसलाधार बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। बारिश के इस संभावित खतरे और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून के जिलाधिकारी ने आज जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की है।
येलो अलर्ट: आठ जिलों में जारी-
ऑरेंज अलर्ट के अलावा मौसम विभाग ने उत्तराखंड के अन्य आठ जनपदों में तेज बारिश और बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इन जनपदों में पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, 2 और 3 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
देहरादून: एक घंटे की मूसलाधार बारिश से जलमग्न- बीते दिनों थोड़ी राहत मिलने के बाद अचानक मौसम बदल गया। इसने देहरादून में भारी तबाही मचाई। महज एक घंटे की तूफानी बारिश ने शहर के कई निचले और प्रमुख व्यावसायिक इलाकों को जलमग्न कर दिया। जलभराव से प्रभावित प्रमुख इलाकों में दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन रोड, प्रिंस चौक और माजरा शामिल है। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और राहगीरों को आवाजाही में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
हिदायत नदी-नालों से दूर रहने की- लगातार हो रही बारिश और पर्वतीय इलाकों में नदियों के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शासन-प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है। पुलिस की विशेष टीमें संवेदनशील स्थानों और जलभराव वाले क्षेत्रों में निरंतर गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को मुनादी करके चेतावनी दी जा रही है। स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को उफनते जल स्रोतों के पास न जाने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि किसी भी तरह का कोई हादसा न हो जाए।
