ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाइवे पर भीषण हादसा… चपेट में आए दो चचेरे भाइयों की मौत
-
ब्रेक फेल होते ही पैसेंजर बस पलटी
Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। सड़क किनारे बैठे दो चचेरे भाइयों की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि बस में सवार 13 यात्रियों को चोटें आई हैं. दुर्घटना भद्रकाली पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर आगे कपटियाल मोड़ के पास हुई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत-बचाव में मदद की। जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी बस खारास्रोत पार्किंग से हरिद्वार की ओर रवाना हुई थी. भद्रकाली क्षेत्र की ढलान पर पहुंचते ही चालक ने बस के ब्रेक काम नहीं करने की जानकारी यात्रियों को दी। इसके बाद वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और कपटियाल मोड़ के पास बस पलट गई।
बिहार और उत्तर प्रदेश से आए थे यात्री
इसी दौरान सड़क किनारे बैठे दो युवक भी वाहन की चपेट में आ गए. बस में बिहार के समस्तीपुर, छपरा, दरभंगा सहित आसपास के इलाकों के यात्री शामिल थे. उत्तर प्रदेश के बिहार सीमा से लगे जिलों के कुछ लोग भी यात्रा में शामिल थे. सभी यात्री राजस्थान नंबर की बस से बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली से रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह ऋषिकेश पहुंचे थे।
ऋषिकेश पहुंचने के बाद बस को खारास्रोत पार्किंग में खड़ा किया गया था। करीब 60 यात्रियों ने त्रिवेणी घाट पर स्नान किया और दोपहर में नीलकंठ महादेव मंदिर की ओर रवाना हुए। वहां से लौटने के बाद यात्रियों ने लक्ष्मणझूला, रामझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भ्रमण किया. इसके बाद सभी लोग पार्किंग में लौटे और रात करीब साढ़े आठ बजे बस से हरिद्वार के लिए निकले थे।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
