रुड़की कांवड़ पटरी पर 4 बाइकें भिड़ीं, 3 की मौत
- पहले तेज रफ्तार दो वाहन टकराए, फिर दो और चपेट में आईं; 6 घायल, एक गंभीर
उत्तराखंड के रुड़की में तेज रफ्तार चार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान बिजौली निवासी अयान (18), रहमतपुर निवासी राजू (24) और रहमतपुर निवासी राजीव (22) के रूप में हुई है।
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 10:30 बजे की है। रुड़की और बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद पीछे से आ रही दो अन्य बाइकें भी हादसे की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और युवक सड़क पर गिर पड़े। बाइकों के हिस्से भी सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर जुट गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया।
यहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
एक घायल की हालत गंभीर
हादसे में छह युवक घायल हुए हैं। इनमें खंजर रोड निवासी आदित्य (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन उसे न्यूरोसर्जन के पास निजी अस्पताल ले गए हैं। अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है।
पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि
शुरुआती जानकारी के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है और पुलिस सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।वहीं, पुलिस हादसे की वजह जानने के लिए पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
