पटना में युवक की मौत के बाद बवाल, 10 वाहनों में लगाई आग, ट्रैफिक पुलिस पोस्ट फूंकी, 9 थानों की फोर्स तैनात
हंगामे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक नहीं पहुंचने दिया। इसके बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची तो भीड़ और उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने दो पुलिस वाहनों समेत बस और बाइक सहित करीब 10 वाहनों में आग लगा दी।
ट्रैफिक पुलिस पोस्ट भी जलाई
उपद्रव के दौरान भीड़ ने ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी आग लगा दी। इसके अलावा नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगा दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के 9 थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया, जिसके बाद हालात काबू में आए और हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई।
CCTV से उपद्रवियों की पहचान
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आगजनी और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उपद्रवियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
26 साल का था मृतक मनीष
हादसे में जान गंवाने वाला युवक मनीष 26 साल का था। वह पटना में फ्लेक्स बनाने का काम करता था और रोज अपने गांव से पटना आता-जाता था। तीन भाई-बहनों में मनीष सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक, वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे काम के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों के प्रदर्शन ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
