स्वात में अमन की रैली के बीच जोरदार धमाका, 7 लोगों की मौत; 40 घायल
इस्लामाबाद)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का स्वात जिला रविवार को एक जोरदार विस्फोट से दहल उठा। कबाल कस्बे में आतंकवाद के खिलाफ आयोजित शांति रैली के दौरान हुए धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट कबाल चौक के पास उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में लोग अमन जिरगा और शांति मार्च में शामिल थे। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। शुरुआती जानकारी में विस्फोट को आत्मघाती हमला बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अमन का संदेश देने जुटे थे लोग
जिस रैली को निशाना बनाया गया, उसका आयोजन पीस काउंसिल और अमन जिरगा के तहत किया गया था। इसमें स्थानीय नागरिकों के साथ कबायली बुजुर्ग भी शामिल हुए थे। रैली के जरिए क्षेत्र में बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ एकजुटता और शांति का संदेश दिया जा रहा था।
धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। बचाव दलों ने घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
बढ़ते आतंकी हमलों के बीच हुआ धमाका
खैबर पख्तूनख्वा में हाल के महीनों में आतंकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और इस्लामिक स्टेट खुरासान (ISKP) जैसे आतंकी संगठनों की सक्रियता इस क्षेत्र में पहले भी सामने आती रही है।
जानकारों के मुताबिक, आतंकवाद विरोधी अभियानों के बीच सार्वजनिक सभाओं और आम नागरिकों को निशाना बनाकर दहशत पैदा करने की कोशिश की जा सकती है। शांति रैली पर हुआ यह हमला भी इसी रणनीति का हिस्सा होने की आशंका जताई जा रही है।
घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका
धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में व्यापक जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट किस तरह किया गया। अधिकारियों ने फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या की अंतिम पुष्टि नहीं की है। स्थानीय रिपोर्टों में मृतकों की संख्या अलग-अलग बताई जा रही है और घायलों की स्थिति को देखते हुए आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।
