July 2, 2026

Chamoli Rain: ज्योतिर्मठ में भारी बारिश, दो बुजुर्ग फंसे, बदरीनाथ हाईवे बंद

0
Chamoli Rain samachar
  • पगनो गांव में घर में घुसा मलबा

देवीभूमि उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पगनो गांव में मलबा आवासीय क्षेत्र में घुसने से दो बुजुर्ग अपने घर में फंस गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सतेश्वर प्रसाद और सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

स्थानीय निवासी बदरी प्रसाद सुंदरियाल ने बताया कि भारी बारिश के कारण गांव की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उधर, देर रात से जारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागल नाला के पास मलबा आने से बंद हो गया है। हाईवे के दोनों ओर कई यात्रा वाहन फंस गए हैं और तीर्थयात्री सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन मार्ग खोलने के प्रयास में जुटा हुआ है।

पकड़ी मानसून ने रफ्तार

उत्तराखंड में मानसून ने रफतार पकड़ ली है। आज बृहस्पतिवार को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।

इसके अलावा प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग की ओर लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की गई है।

27 ग्रामीण मार्ग: राज्य में बंद

राज्य में मलबा आने से समेत अन्य कारणों से 27 ग्रामीण मार्ग बंद है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जारी बुलेटिन के अनुसार इसमें देहरादून जिले में सबसे अधिक 10 ग्रामीण मार्ग बंद है। जबकि टिहरी में छह, पिथौरागढ़ में पांच, बागेश्वर में तीन, चमोली में दो और चंपावत जिले में एक मार्ग बंद है। बंद मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *