Rishikesh samachar: 30 जून को बंद हो जाएगी राफ्टिंग
-
रोमांच के सफर के लिए पहले ही बनाएं प्लान, फिर इस दिन से होगी शुरू
एडवेंचर के दीवानों के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। मौजूदा सीजन अब गंगा में रिवर राफ्टिंग का आखिरी पड़ाव में है। पर्यटन विभाग और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर 30 जून को राफ्टिंग बंद करने का निर्णय लिया है।
दरअसल मानसून में नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण दो महीने का ब्रेक लिया जाता है। 1 सितंबर से जलस्तर सामान्य होते ही राफ्टिंग फिर से शुरू हो जाएगी। यानी आज से राफ्टिंग के शौकीनों के पास सिर्फ 10 दिन बचे हैं।
मुनि की रेती, तपोवन, लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में राफ्टिंग के लिए दिल्ली, राजस्थान, मुंबई, हरियाणा समेत देशभर से पर्यटक पहुंच रहे हैं। व्यवसायी पर्यटकों को कार्यालय से फूलचट्टी, क्लब हाउस, ब्रह्मपुरी, शिवपुरी, कौड़ियाला, मरीन ड्राइव तक ले जाते हैं, जहां से गंगा की लहरों में रोमांच शुरू होता है।
गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए 30 जून को सीजन बंद किया जाता है। जलस्तर सामान्य होते ही एक सितंबर से फिर राफ्टिंग शुरू होगी। उन्होंने राफ्टिंग के शौकीनों से अपील की कि सीजन खत्म होने से पहले इन बचे हुए 10 दिनों में गंगा के रोमांच का भरपूर आनंद ले लें।
रोमांच के सफर की शुरुआत: इन स्थानों से होती है
– कौड़ियाला से रामझूला, नीमबीच – 35 किमी
– कौड़ियाला से शिवपुरी – 20 किमी
– मरीन ड्राइव से शिवपुरी- 10 किमी
– मरीन ड्राइव से रामझूला, नीमबीच – 25 किमी
– शिवपुरी से रामझूला, नीमबीच- 15 किमी
– ब्रह्मपुरी से रामझूला, नीमबीच – 9 किमी
– क्लब हाउस से रामझूला, नीमबीच- 9 किमी
साहसिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान का कहना है कि गंगा में राफ्टिंग के संचालन के लिए मात्र दस दिन का समय शेष रह गया है। नियमानुसार 30 जून को राफ्टिंग का संचालन बंद हो जाएगा। एक सितंबर से संचालन दोबारा शुरू होगा।
