Kainchi Dham Mela: चार सुपर जोन…14 क्षेत्र में बांटा कैंची धाम
-
तीन दिन के लिए ट्रैफिक प्लान भी लागू
कैंची धाम स्थापना दिवस के लिए सोमवार को आयोजित होने वाले पूरी तरह तैयार है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही प्रशासन, पुलिस ने शनिवार सुबह से 16 जून तक के लिए ट्रैफिक प्लान भी लागू कर दिया है। भवाली से खैरना को 16 जून तक जीरो जोन रखते हुए इस रूट पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई है। भीमताल, भवाली और खैरना से शनिवार को श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा गया। स्थापना दिवस के लिए सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चार सुपर जोन बनाए गए हैं जिन्हें 14 जोन में बांटा गया है।
वाहन खड़े किए गए पार्किंग में
शनिवार को भीमताल के सिडकुल स्थित पार्किंग में पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़े करने के बाद शटल सेवा से उन्हें मंदिर की ओर भेजा। वहीं शटल के माध्यम से ही भवाली और खैरना से भी श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है।
दर्शन: 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए
सोमवार को कैंची धाम का स्थापना दिवस है ऐसे में शनिवार से ही यहां श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सुबह से शाम तक धाम में शनिवार को 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।
पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात
पुलिस की ओर से सभी तैयारियां कर ली गई हैं। इसके लिए 3 एसएसपी, एसपी, 8 एएसपी, 14 सीओ, 26 इंस्पेक्टर, एसओ, 4 टीआई, 11 टीएसआई, 146 एसआई और एएसआई, 475 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल समेत दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और दमकल की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं।
आईजी और एसएसपी ने लिया जायजा
शनिवार को कुमाऊं आईजी नवोदिता कुकरेती और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कैंची धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान चौकस रहने के निर्देश दिए।
16 जून तक बदला रूट
ज्ञात हो कि कैंची धाम मेले को देखते हुए भारी वाहनों को काठगोदाम से पहाड़ की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को वाया टनकपुर और रामनगर पहाड़ी जिलों का रुख करना होगा। कैंची धाम रूट पर 13 जून की सुबह छह बजे से रात 11 बजे और 13 जून की देर रात 12 बजे से 14 जून की रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। राशन, फल, सब्जी व अन्य आवश्यक सेवा वाले वाहन 13 जून की रात 11.00 बजे से 14 जून की सुबह 6.00 बजे तक आवागमन कर सकते हैं। इसके बाद से 16 जून की रात 11 बजे तक इनका आवागमन प्रभावित रहेगा।
