Mussoorie samachar: पर्यटकों को जाम से राहत देने के लिए शटल सेवा शुरू
-
लाइब्रेरी चौक-पिक्चर पैलेस तक पहुंचाईं सवारियां
पहाड़ों की रानी मसूरी में प्रशासन ने शटल सेवा शुरू की है। यह पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाएगी। शुक्रवार से किंग्रेग पार्किंग से सेवा आरंभ हुई। एसडीएम राहुल आनंद ने प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान और पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के साथ इसका उद्घाटन किया। टैंपो ट्रैवल्स जैसे बड़े वाहनों को किंग्रेग में रोका और उनकी सवारी को शटल सेवा से लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस क्षेत्र तक पहुंचाया गया।
शुरुआत में कुछ सैलानियों ने नाराजगी जताई थी पर अधिकारियों ने फायदे समझाकर उन्हें संतुष्ट किया। राहुल आनंद ने बताया कि यह सेवा शहर की सड़कों को जाम मुक्त रखेगी। निजी और छोटे वाहनों को बिना रोक-टोक के शहर में जाने दिया जा रहा है। उम्मीद है कि कुछ दिनों में व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी और यह सेवा पूरे पर्यटन सीजन के लिए चलेगी।
प्रभारी निरीक्षक चौहान ने बताया कि कई होटलों में पार्किंग नहीं है। इससे टैंपो ट्रैवल्स सड़क पर खड़े हो जाते थे जिससे सड़कों पर जाम लगता था। गौरव भसीन ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले टैंपो ट्रैवल्स को किंग्रेग में रोका जा रहा है। टैक्सी एसोसिएशन से पर्यटकों को कम दरों पर शहर में भेजने की व्यवस्था की गई है। अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को भी हटाया जा रहा है।
