मातृशक्ति: अकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए दरांती लेकर सड़क पर उतरी
-
पहाड़ी आर्मी समेत विभिन्न संगठनों ने जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

हल्द्वानी। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग करते हुए रविवार को पहाड़ी आर्मी समेत कई संगठनों से जुड़े लोगों ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। हाथों में दराती लिए प्रदर्शनकारी महिलाएं हत्याकांड में शामिल वीआईपी व्यक्तियों के नाम उजागर कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थीं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन को तेज करेंगे।
बुद्ध पार्क में जमा हुए प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। इससे पहले हुई सभा में वक्ताओं ने इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि एक महिला की ओर से वायरल किए जारहे आॅडियो में जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उन सभी पर कड़ी कार्रवाई हो। बाद में प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिया।
इसमें उन्होंने अंकेता के गुनरहगारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में पहाड़ी आर्मी के हरीश रावत, हिमांशु शर्मा, राजेंद्र कांडपाल, कविता जीना, कार्तिक उपाध्याय, बसंत सिंह, मोहन सिंह बोरा, काजल खत्री सहित अनेक लोग शामिल रहे।
Ankita Murder Case: एक वीडियो ने दून से दिल्ली तक मचाई हलचल; कांग्रेस से लेकर भाजपा तक कौन क्या बोला?
ये मांगें उठाईं
प्रदर्शनकारियों में उर्मिला सनावर नाम महिला की ओर से उजागर किए गए साक्ष्यों की सीबीआई जांच कराने, जिन वीआईपी व्यक्तियों के नाम लिए जा रहे हैं उनकी 18 व 19 सितंबर की लोकेशन और मोबाइल सीडीआर की जांच कराने, उर्मिला सनावर की सुरक्षा देने, उसके मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराने, हत्याकांड के साक्ष्य नष्ट करने वालों को जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की।
लालकुआं में निकाला कैंडल मार्च…
अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए कांग्रेसियों ने लालकुआं में कैंडिल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। लालकुआं गुरुद्वारा मार्केट के पास से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में तहसील कार्यालय तक गए। कांग्रेसियों ने ‘अंकिता के हत्यारों को गोली मारो सालों को’ और ‘अंकिता हम शर्मिंदा है तेरे कातिल जिंदा हैं’ आदि नारे लगाकर रोष जताया। वहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल, भुवन पांडे, हरिश दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा व किशन जोशी सहित अनेक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
