March 8, 2026

चीनी विमान ने जापानी लड़ाकू विमानों पर किया रडार लाक

0
Chinese vs Japanese fighter jets

– जापान ने चीनी पक्ष से इसे लेकर सख्त आपत्ति जताई है
– बीजिंग ने कहा, पहले ही अभ्यास की घोषणा की गई थी

टोक्यो। जापानी प्रधानमंत्री के ताइवान पर की गई टिप्पणी के बाद से चीन और जापान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। चीनी सैन्य विमान द्वारा जापानी लड़ाकू विमानों पर रडार लाक करने का मामला सामने आया है। लाक-आन रडार प्रणालियों की एक विशेषता है जो उन्हें किसी चयनित लक्ष्य का स्वचालित रूप से अनुसरण करने की अनुमति देती है।

रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइजुमी ने कहा कि जापान ने इस घटना पर औपचारिक रूप से विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने इसे अत्यंत खेदजनक और खतरनाक करार दिया। इसे सुरक्षित विमान संचालन के लिए आवश्यक दायरे से परे बताया। कोइजुमी ने कहा, “हमने चीनी पक्ष से सख्त निवारक उपायों की मांग की है। इसके साथ ही जापान और आस्ट्रेलिया ने रविवार को शांति बनाए रखने की अपील की है।

जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीन के सैन्य विमान जे-15 ने शनिवार को दक्षिणी ओकिनावा के पास चीनी वाहक लियाओनिंग से उड़ान भरी और कुछ समय के लिए जापानी एफ-15 लड़ाकू विमानों पर दो बार रडार लाक किया। इसकी अवधि पहली बार तीन मिनट और बाद में 30 मिनट तक था। यह स्पष्ट नहीं है कि क्या रडार लाक की घटना में दोनों बार वही चीनी जे-15 शामिल था। जापानी लड़ाकू जेट विमानों को प्रशांत महासागर में उड़ान भरने और उतरने का अभ्यास कर रहे चीनी जेट विमानों का पीछा करने के लिए भेजा गया था।

चीनी नौसेना के प्रवक्ता वरिष्ठ कर्नल वांग जुएमेंग ने शनिवार को मियाको द्वीप के निकट चीन के उड़ान प्रशिक्षण का बचाव करते हुए कहा कि बीजिंग ने पहले ही अभ्यास की घोषणा कर दी थी और जापानी विमानों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *