सियासी घमासान: भाजपा मीडिया प्रभारी के बयान पर हरक सिंह रावत का पलटवार
-
‘गधे घोड़े’ वाले बयान पर सियासत तेज
इन दिनों उत्तराखंड में ‘गधे घोड़े’ वाले बयान पर सियासत तेज है। कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने मनवीर चौहान पर तीखा हमला बोला है। हरक सिंह रावत ने कहा कि मनवीर चौहान ने इस तरह का बयान देकर अपने पद का हल्कापन दिखाया है। उन्होंने कहा कि मनवीर चौहान खुद 2012, 2017 और 2022 में यमुनोत्री विधानसभा से टिकट के दावेदार रहे, लेकिन उनकी ही पार्टी ने उन्हें टिकट तक नहीं दिया। जिस व्यक्ति को भाजपा ने कभी गंभीरता से नहीं लिया, वह आज इस तरह के बयान दे रहा है।
हरक सिंह ने कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को अगर ‘गधे घोड़े’ कहा गया, तो यह भाजपा के अपने मंत्रियों के लिए ही शर्म की बात है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने अप्रत्यक्ष रूप से अपनी ही सरकार के मंत्रियों को ‘गधे घोड़े’ कह दिया। हरक सिंह ने कहा कि एक ऐसा व्यक्ति जिसको भाजपा ने कभी सीरियस नहीं लिया, वो व्यक्ति इस तरह का बयान दे रहा है, ऊपर से यह और भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे बयान पर किसी भी मंत्री की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
उन्होंने कहा कि दरअसल कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के लिए ऐसा बयान दिया गया है। लेकिन, उनकी तरफ से इस पर कोई बयान या फिर कोई प्रतिक्रिया नहीं आना बड़े दुख की बात है। हरक सिंह ने कहा कि मंत्री पद इतना बड़ा हो गया है, कि जब आपको ‘गधे घोड़े’ कहा जा रहा हो, और आप कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं कर रहे हो।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही में बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं को लेकर एक बयान दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर कांग्रेस पार्टी में रहते हुए उनके विचार ‘गधे घोड़े’ जैसे वाले थे, लेकिन बीजेपी में आते ही उनके विचारों में सुधार हुआ। क्योंकि, बीजेपी विचारधारा वाला पार्टी है।
