June 4, 2026

Uttarakhand SIR: शिक्षकों की तीन जगह ड्यूटी से असमंजस

0
SIR Teachers
  • जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने कहा, करेंगे आंदोलन

उत्तराखंड में शिक्षकों की एसआईआर ड्यूटी कार्यस्थल से न सिर्फ 50 से 60 किलोमीटर दूर लगा दी गई है, बल्कि कुछ ऐसे भी मामले हैं, जिसमें एक शिक्षिका की तीन जगह ड्यूटी लगाई गई है। इससे शिक्षकों के सामने इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी है कि वे जाएं तो कहां जाएं।

इस संबंध में विनोद थापा जो कि जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष हैं का कहना है कि प्रदेश में इन दिनों शिक्षकों की गर्मियों की छुट्टियां हैं, इसके बावजूद अधिकतर शिक्षकों की एसआईआर में ड्यूटी लगा दी गई है। इसके तहत कुछ शिक्षकों की तो कार्यस्थल से 50 से 60 किलोमीटर दूर ड्यूटी लगाई गई है। जबकि कुछ की तीन-तीन जगह ड्यूटी लगाए जाने से उनमें असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा कुछ शिक्षक, शिक्षिकाओं की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी लगाए से उनके लिए सभी जगह जाना संभव नहीं हो पा रहा है। जिसके फलस्वरूप उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।

ऐसे समझें मामला
देहरादून में एक शिक्षिका की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दीपनगर में बीएलओ के साथ ड्यूटी लगाई गई है। इसी शिक्षिका की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ ही कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी दो जगह ड्यूटी लगी है। कुछ अन्य के साथ ही इसी तरह की स्थिति बनी है, जिससे शिक्षक हैरान हैं। शिक्षकों का कहना है कि देहरादून तहसील कार्यालय से इस तरह की गड़बड़ी की गई है। कार्यालय से मनमर्जी से कुछ के नाम जोड़े गए हैं, तो कुछ के हटाए गए हैं। जबकि कुछ की दो से तीन जगह ड्यूटी लगा दी गई है।

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद थापा के अनुसार यह शिक्षकों के साथ उत्पीड़न है, आठ जून को शिक्षक सचिवालय कूच करेंगे, जिसमें इस प्रकरण को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *