पिथौरागढ़ में चीड़ के जंगल में लगी भीषण आग
– बारिश नहीं होने के कारण होने लगी हैं वनाग्नि की घटनाएं

बारिश नहीं होने के कारण पिथौरागढ़ जिले में एक बार फिर सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इससे जंगलों में आग लगने की घटनाएं होने लगी हैं।
शनिवार को आठगांव शीलिंग के समीप के चीड़ के जंगल में भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे वातावरण में धुआं छा गया। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते पिरूल में लगी आग पर काबू पा लेने से वन्य संपदा को अधिक नुकसान नहीं पहुंचा।
आग लगाते पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई- वन क्षेत्राधिकारी जोशी ने बताया कि फायर सीजन में वनों में आग लगने की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। वनों में यदि कोई आग लगाते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वातावरण में छाने लगी है धुंध- लंबे समय से बारिश नहीं होने से पहाड़ में धुंध छाने लगी है। वातावरण में धुंध होने से विजिविलिटी बेहद कम हो गई है। अधिक धुंध छाने पर हिमालय भी नजर नहीं आ रहा है। पर्यावरण प्रेमी दिनेश गुरुरानी का कहना है कि यदि बारिश नहीं हुई तो वनों में आग लगने की अधिक घटनाएं होंगी। इससे धुंध और अधिक गहरा सकती है।
