June 23, 2026

Monsoon Update: उत्तराखंड में मानसून एक सप्ताह देरी से आएगा

0
uttarakhand Monsoon
  • प्री-मानसून की बारिश से सुहावना होगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत

मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की वजह से इस साल उत्तराखंड में मानसून कुछ दिनों की देरी से आएगा। एक ओर जहां पर्वतीय इलाकों में प्री-मानसून की बारिश से मौसम सुहावना होगा वहीं मैदानी क्षेत्रों में इससे गर्मी में राहत मिलेगी।

दरअसल, तेज धूप से गर्मी की तपन बढ़ने के बाद अब लोगों को मानसून का इंतजार है। वहीं मौसम के जानकारो के अनुसार फिलहाल मानसून के लिए अभी कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार उत्तराखंड में मानसून आगमन में सामान्य से सात से 10 दिनों की देरी हो सकती है।

यह भी जान लें कि इस साल जून में अभी तक कुछ एक दिनों को छोड़ दिया जाए तो तापमान सामान्य के आसपास रहा है। तेज धूप खिलने पर जहां गर्मी ने अपने तेवर भी दिखाए। तो वहीं राज्य में कई जगहों पर हल्की बारिश और तूफान के चलने से गर्मी से राहत भी मिली।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार देवभूमि उत्तराखंड में मानसून आमतौर पर 25 जून के बाद पूरी तरह से पहुंच जाता है, लेकिन इस साल बंगाल की खाड़ी में अनुकूल मौसमी सिस्टम (कम दबाव के क्षेत्र) की कमी से मानसूनी हवाओं की प्रगति रुकी हुई है। भले ही पर्वतीय इलाकों में प्री-मानसून की हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना बना रहेगा और मैदानी इलाकों में भी गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम की बात करें तो सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि यह आंकड़ा बीते रविवार को 36.7 डिग्री के साथ रिकॉर्ड किया गया था। ऐसा ही हाल राज्य के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला। बादल छाने से मैदानी इलाकों में कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली। वहीं आने वाले दिनों की बात की जाए तो माना जा रहा है कि 28 जून तक प्रदेश भर के अधिकतर इलाकों में बारिश और तूफान चलने की संभावना है।

सभी कार्य मानसून से पहले तेजी से पूरे करें
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी वर्षाकाल की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागीय अधिकारियों को मानसून से पहले सभी विकास कार्य तेजी से पूरे करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की साफ-सफाई और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में एमडीडीए के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई। बैठक में एमडीडीए की ओर से बताया गया कि आढ़त बाजार को ब्रह्मवाला में स्थानांतरित करने के लिए निर्माण कार्य लगभग 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने का काम भी जारी है। अब तक 78 से अधिक रजिस्ट्रियां कराई जा चुकी हैं।

मंत्री खजान दास ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने पलटन बाजार और प्रिंस चौक पर जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज प्लान के लिए 29.14 करोड़ रुपये की ईएफसी स्वीकृत हुई है। बैठक में लोनिवि विभाग को कांवली सड़क, सुभाष मार्ग और मॉडर्न कॉलोनी मार्ग को मानसून से पहले ठीक करने के निर्देश दिए गए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *