March 8, 2026

Indian Weather: उत्तराखंड में -22°C प​हुंचा तापमान, तो वहीं छत्तीसगढ़ में जम गईं ओस की बूंदें

0
uk- water in ice

– उत्तराखंड : आदि कैलाश और केदारनाथ धाम में तापमान…

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तापमान अब भी माइनस में है। पिथौरागढ़ के आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में शनिवार को तापमान -22°C दर्ज किया गया। उत्तरकाशी के यमुनोत्री धाम में -16°C, मुनस्यारी में -9°C, बद्रीनाथ में -18°C और हेमकुंड साहिब में -10°C तापमान दर्ज हुआ। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में नदी, नाले और झरने जम चुके हैं। पानी की पाइपलाइन में भी बर्फ जमा है।

 

हिमाचल: लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में तापमान -10.9 डिग्री
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे की दोहरी मार पड़ रही है। मौसम विभाग ने रविवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और चंबा सहित 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। राज्य में अभी बारिश और बर्फबारी नहीं हो रही है। हालांकि, शनिवार को 11 शहरों में रात का तापमान माइनस में चला गया। लाहौल-स्पीति का कुकुमसैरी -10.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। ताबो का तापमान -7.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

कश्मीर: पहलगाम में तापमान -7.8 डिग्री, गुलमर्ग में -6.8 डिग्री
कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में -5.7 डिग्री पारा रहा। यहां डल लेक सहित कई झीलों में पानी जम गया है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -7.8 डिग्री और गुलमर्ग में -6.8 डिग्री रहा।

देश की राजधानी: दिल्ली
दिल्ली के पालम में रविवार को 13 सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां पारा गिरकर 3.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे पहले पालम स्टेशन पर 7 जनवरी, 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

हालांकि, पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 11 जनवरी, 1967 को दर्ज किया गया था। शहर भर के कई स्टेशनों पर कोल्ड वेव की स्थिति देखी गई।दिल्ली के सफदरजंग में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह इस सर्दी सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार और सोमवार को शीतलहर चलने की संभावना है।

हरियाणा : महेंद्रगढ़ में पारा 1.6 डिग्री, 8 जिलों में तापमान 5 डिग्री से कम
हरियाणा में सर्दी लगातार बढ़ते जा रही है। मौसम विभाग ने रविवार को ज्यादातर जिलों में सुबह-शाम घना कोहरे की चेतावनी जारी की है। इससे विजिबिलिटी न के बराबर हो सकती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कई इलाकों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने का भी अनुमान है। शनिवार को महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.6°C दर्ज हुआ। 8 जिलों में तापमान 5°C से कम रिकॉर्ड हुआ।

बिहार : नालंदा सबसे ठंडा, तापमान 3.1°C पहुंचा, पटना समेत 12 जिलों का पारा 5 डिग्री से नीचे
बिहार में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते ठिठुरन कम नहीं हो रही है। शनिवार को 12 जिलों का न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे पहुंच गया। नालंदा 3.1°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। पटना में 4.1°C, नवादा और बक्सर में 4.2°C, अरवल में 4.4°C, रोहतास और मुंगेर में 4.6°C, भोजपुर और जहानाबाद में 4.7°C, जबकि लखीसराय में 4.8°C तापमान रहा। मौसम विभाग ने रविवार को 31 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अगले 48 घंटे तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

मध्य प्रदेश : ग्वालियर समेत 7 जिलों में शीतलहर, 3 दिन बाद फिर पड़ेगी कड़ाके की सर्दी


मध्य प्रदेश का ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग शीतलहर से ठिठुर रहा है। रविवार को ग्वालियर, दतिया समेत 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। 20 से अधिक जिले कोहरे के आगोश में है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 3 दिन बाद फिर से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होगा। शनिवार रात 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। छतरपुर का खजुराहो लगातार दूसरी रात सबसे ठंडा था। यहां तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया।

छत्तीसगढ़ : मैनपाट-बलरामपुर में ओस की बूंदें जमीं
छत्तीसगढ़ के सरगुजा सहित पूरे राज्य में भीषण सर्दी पड़ रही है। मैनपाट, बलरामपुर सहित कई जगहों पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी हैं। शनिवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26.6°C दर्ज किया गया। अंबिकापुर में सबसे कम तापमान 4.6°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। इससे सर्दी से राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश : आजमगढ़ में पारा 3.7°C, 20 जिलों में कोहरा
यूपी में सर्द हवाएं लोगों को कंपा रही है। गोरखपुर, जौनपुर, बस्ती समेत 20 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। सड़कों पर 10 मीटर दूर भी दिखाई नहीं पड़ रहा है। शनिवार को आजमगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां का पारा 3.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कोहरे के कारण गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें 5 से 10 घंटे लेट रहीं। गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट पर 10 से ज्यादा फ्लाइटें लेट पहुंचीं।

पंजाब : लोहड़ी पर बारिश नहीं, दो शहरों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से नीचे
पंजाब के कई हिस्सों में शनिवार को सर्दी और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, होशियारपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम, 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री, बठिंडा में 3.4 डिग्री, फरीदकोट में 3.2 डिग्री, पटियाला में 4.4 डिग्री और गुरदासपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में इस बार लोहड़ी पर बारिश की कोई संभावना नहीं है। 15 या 16 जनवरी के बाद ही बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

राजस्थान के सीकर स्थित फतेहपुर में तापमान माइनस 3.4 डिग्री
राजस्थान में कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने रविवार को 14 जिलों में कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा सर्दी रही। यहां दिन में अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस सीजन में यह पहली बार है, जब किसी शहर का अधिकतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। राजस्थान के सीकर स्थित फतेहपुर में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके कारण कई हिस्सों में गाड़ियों पर बर्फ जम गई।

12 जनवरी 2026 का मौसम पुर्वानुमान:

मैदानी राज्यों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा में कोहरे के साथ हल्की बारिश का अलर्ट।

पहाड़ी राज्यों में तापमान और गिर सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की आशंका है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *